#बस्ती_न्यूज
बस्ती पुलिस ने कप्तानगंज थाना क्षेत्र में मनोज तिवारी हत्याकांड के तीसरे फरार आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। 25 हजार रुपये के इनामी इस आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसके पास से अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। यह मामला 3 मई का है, जब ग्राम कल्याणपुर करचौलिया स्थित समय माता मंदिर के पास सड़क किनारे एक युवक का शव मिला था। मृतक की पहचान मनोज तिवारी के रूप में हुई थी। मृतक की पत्नी की तहरीर पर कप्तानगंज थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सीडीआर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर 5 मई को दो आरोपियों शिवम गुप्ता और ऋषभ मिश्रा उर्फ राज मिश्रा को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, एक पिकअप वाहन, खून से सना तौलिया और अन्य संबंधित सामान बरामद हुआ था। घटना का तीसरा आरोपी शिवा विश्वकर्मा, निवासी फरेंदा सेंगर, लगातार फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। शनिवार तड़के गढ़हा गौतम के पास पुलिस चेकिंग के दौरान आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। सीओ स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज भेजा गया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
हत्या मामले का तीसरा आरोपी गिरफ्तार:बस्ती में 25 हजार के इनामी को पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












