#बस्ती_न्यूज
बस्ती में छावनी पुलिस ने मोबाइल चोरी कर बैंक खातों से रकम निकालने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के कथित सरगना सहित दो आरोपियों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी दोपहर 1.33 बजे रामजानकी रोड स्थित रामरेखा मंदिर पुलिया के पास से हुई। उनके पास से छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 460 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गोंडा जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र के नेतौरी निवासी अर्जुन उर्फ दिनेश (23) और राजकुमार (19) के रूप में हुई है। इनके साथ एक बाल अपचारी भी पकड़ा गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका गिरोह पहले ऐसे लोगों की रेकी करता था, जिनके पास महंगे एंड्रॉयड मोबाइल और बैंक खाते में पर्याप्त रकम होती थी। मोबाइल मालिक के घर या दुकान से बाहर निकलते ही मौका देखकर मोबाइल चोरी कर लिया जाता था। इसके बाद चोरी किए गए मोबाइल में लगे नंबर और उससे जुड़े पासवर्ड की मदद से भुगतान संबंधी जानकारी हासिल करने का प्रयास किया जाता था।आरोपियों के अनुसार, मोबाइल हासिल करने के बाद वे एटीएम मशीन पर पहुंचकर क्यूआर कोड स्कैन करते और बैंक खातों से रकम निकाल लेते थे। निकाली गई रकम को वे आपस में बांटकर खर्च करते थे। पुलिस ने बताया कि बरामद मोबाइल विक्रमजोत, पचवस और अन्य स्थानों से चोरी किए गए हैं। पुलिस ने उन्हें तब पकड़ा जब वे एक और मोबाइल चोरी करने की फिराक में थे।सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह ने जानकारी दी कि छावनी पुलिस ने मोबाइल चोरी और डिजिटल माध्यम से रकम निकालने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। बरामद मोबाइलों की जांच कर उनके वास्तविक मालिकों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही, गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और उनकी पूर्व की आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
मोबाइल चोरी कर QR कोड से निकालते थे पैसे:बस्ती में गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार, 6 फोन बरामद
RELATED ARTICLES












