युवाओं को शिक्षा, कौशल और आत्मनिर्भरता उपलब्ध कराना ही वास्तविक विकास: प्रमुख जयदीप घोष
एनटीपीसी बरौनी द्वारा प्रायोजित कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। एनटीपीसी बरौनी द्वारा आसपास के समाज के उत्थान एवं सामुदायिक विकास के तहत युवाओं के कौशल विकास की दिशा में एक और पहल की गई है। केंद्रीय पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एवं तकनीकी संस्थान, हाजीपुर के सहयोग से आयोजित निःशुल्क आवासीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत ‘मशीन ऑपरेटर–प्लास्टिक प्रोसेसिंग’ ट्रेड में चयनित 23 युवाओं के प्रशिक्षण का शुभारंभ सिपेट परिसर हाजीपुर में किया गया। परियोजना प्रमुख जयदीप घोष ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी क्षेत्र का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब युवाओं को शिक्षा, कौशल और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराया जाय। एनटीपीसी बरौनी द्वारा इससे पूर्व भी आसपास के गांवों के लड़कियों एवं महिलाओं के लिए सिलाई-कढ़ाई और ब्यूटीशियन जैसे रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। वर्तमान प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए कुल 52 अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया में भाग लिया था, जिनमें से सिपेट की विशेषज्ञ टीम द्वारा साक्षात्कार के बाद 23 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को चार माह की अवधि में कुल 600 घंटे का आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान संबंधित ट्रेड में तकनीकी एवं व्यावहारिक ज्ञान के साथ उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित किया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद सिपेट द्वारा प्रतिभागियों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों के लिए मार्गदर्शन तथा देश के विभिन्न स्थानों पर स्थित कंपनियों में प्लेसमेंट के लिए सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। परियोजना प्रमुख ने युवाओं से प्रशिक्षण के दौरान पूरी लगन एवं अनुशासन के साथ सीखने और व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने का आह्वान किया।प्रमुख जयदीप घोष ने कहा कि कौशल रोजगार के साथ आत्मनिर्भरता का आधार है। एक व्यक्ति की आत्मनिर्भरता उसके परिवार को सशक्त करती है और धीरे-धीरे पूरे समाज को मजबूत बनाती है। उन्होंने सिपेट, हाजीपुर की टीम को सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में सिपेट के निदेशक एवं प्रमुख डॉ. यू. पी. सिंह सहित टीम तथा एनटीपीसी बरौनी की ओर से डी. एस. कुमार, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) और केशरी नंदन मिश्र, उप महाप्रबंधक (सीएसआर) भी उपस्थित थे।












