HomeHealth & Fitnessवाराणसी : कैंट विजयानगरम में अवैध रूप से संचालित दो होटल एवं...

वाराणसी : कैंट विजयानगरम में अवैध रूप से संचालित दो होटल एवं गेस्ट हाउस सील

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गुरूवार को नगर निगम ने सिगरा थाना क्षेत्र स्थित विजयानगरम मार्केट (कैंट) में अवैध रूप से संचालित दो गेस्ट हाउस को सील कर दिया।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त अमित कुमार के नेतृत्व में प्रवर्तन दल, पुलिस बल ने अवैध निर्माण पर सीलिंग की गाज गिराई और सड़क से अतिक्रमण भी हटवाया।

अपर नगर आयुक्त के अनुसार, नगर निगम ने करीब 40 वर्ष पहले कैंट रेलवे स्टेशन के सामने विजयानगरम् मार्केट में करीब 90 दुकानें आवंटित किया था। मार्केट के तमाम दुकानदारों ने निगम के बगैर अनुमति के आवंटित दुकानों पर द्वितीय तल का निर्माण करा लिया था।

यही नहीं कुछ दुकानदार बाकायदा दुकान बंद कर होटल व लाज चला रहे थे। इस क्रम में दुकान संख्या 50 और 68 भी निगम ने किराए पर आवंटित की थीं। वहीं नियमों को ताक पर रखकर इसे तीसरी पार्टी (सिकमी) को बेच दिया गया।

इसके बाद दुकान के ऊपरी हिस्से में बिना किसी स्वीकृति के अवैध रूप से गेस्ट हाउस का निर्माण कर व्यावसायिक संचालन शुरू कर दिया गया।

प्रकरण संज्ञान में आने पर निगम ने पहले ही नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए थे। नोटिस मिलने के बाद आरोपी पक्ष कानूनी राहत के लिए हाईकोर्ट पहुंच गया।

हाईकोर्ट ने निगम को निर्देश दिया कि जब तक पक्षकार के प्रत्यावेदन (अप्लीकेशन) का निस्तारण नहीं हो जाता, तब तक कोई दंडात्मक कार्रवाई न की जाए।

हाल ही में नगर आयुक्त स्तर से उक्त प्रत्यावेदन को नियमों के तहत खारिज (डिस्पोज) कर दिया गया। विधिक बाधा दूर होते ही निगम की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और दोनों दुकानों में चल रहे अवैध गेस्ट हाउस को सील कर दिया।

इसके. साथ ही मार्केट के आसपास सड़क पर लगे अवैध ठेले-खोमचे और कब्जों को भी पूरी तरह से हटवा दिया गया।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular