लखनऊ । एनसीसी की 63वीं बटालियन ने जिला क्षय रोग केंद्र के सहयोग से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह के मार्गदर्शन में बृहस्पतिवार को मोंटफोर्ट इंटर कॉलेज में टीबी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में एनसीसी के 200 कैडेट्स को टीबी के लक्षण, बचाव, जांच और उपचार के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया।
मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर पुनीत श्रीवास्तव, वीएसएम ने कहा कि लखनऊ में स्थित एनसीसी की सभी बटालियन टीबी जागरूकता अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेंगी। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कैडेट्स से टीबी मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा टीबी मुक्त भारत अभियान एप डाउनलोड करने की अपील की।
कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अनिल कुमार शर्मा ने कहा, “ एनसीसी कैडेट्स अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल हैं। टीबी के खिलाफ जागरूकता फैलाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी कैडेट्स अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को टीबी के लक्षणों, जांच और समय से उपचार के प्रति जागरूक करें। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एके. सिंघल ने कहा, “टीबी पूरी तरह से ठीक होने वाली बीमारी है और इसका समय पर उपचार संभव है। लगातार दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक खांसी, बुखार, रात में पसीना आना, वजन कम होना या भूख न लगना जैसे लक्षण होने पर टीबी की जांच जरूर करानी चाहिए।












