बिजनौर। वित्तीय वर्ष 2026-27 में कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत बुक किए गए कृषि यंत्रों के लाभार्थी किसानों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। 21 अगस्त को सुबह 11 बजे विदुर सभागार कक्ष, कलेक्ट्रेट परिसर बिजनौर में जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति के समक्ष ई-लॉटरी प्रक्रिया संपन्न होगी।
उप कृषि निदेशक बिजनौर डॉ. घनश्याम वर्मा ने बताया कि सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन, प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू, त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम, एनएफएसएनएम एवं फसल विविधीकरण कार्यक्रम (सीडीपी) के तहत 16 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक 10 हजार रुपये से अधिक अनुदान वाले कृषि यंत्रों के लिए बुकिंग की गई थी। इन्हीं बुकिंग के आधार पर ई-लॉटरी से कृषकों का चयन किया जाएगा।
ई-लॉटरी में चयनित किसानों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से चयन की सूचना तथा कृषि यंत्र का बिल अपलोड करने की अंतिम तिथि की जानकारी दी जाएगी। निर्धारित समयावधि में चयनित लाभार्थी द्वारा कृषि यंत्र क्रय नहीं करने पर उसका चयन स्वतः निरस्त हो जाएगा और जमा टोकन मनी वापस नहीं की जाएगी।
वहीं, ई-लॉटरी में चयनित नहीं होने वाले किसानों की जमानत धनराशि विभागीय पंजीकरण में दर्ज बैंक खाते में कृषि निदेशालय स्तर से वापस कर दी जाएगी। उप कृषि निदेशक ने किसान भाइयों से अपील की है कि जिन कृषकों ने उक्त योजनाओं के अंतर्गत कृषि यंत्र अनुदान संख्या-11 एवं 83 के लिए बुकिंग की है, वे 21 अगस्त को सुबह 11 बजे विदुर सभागार कक्ष, कलेक्ट्रेट परिसर बिजनौर में जिला स्तरीय समिति के समक्ष ई-लॉटरी प्रक्रिया में प्रतिभाग करें












