Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)डुमरियागंज में प्रगणकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू:भवन सूचीकरण और मकान गणना...

डुमरियागंज में प्रगणकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू:भवन सूचीकरण और मकान गणना की बारीकियां सिखाई गईं, आवश्यक दिशा-निर्देश दिए


सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में जनगणना 2027 के प्रथम चरण का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुक्रवार को शुरू हो गया। इसमें प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को 22 मई से 20 जून तक प्रस्तावित भवन सूचीकरण और मकान गणना कार्य की बारीकियां सिखाई जा रही हैं। यह प्रशिक्षण तहसील सभागार, बीआरसी सभागार, नगर पंचायत डुमरियागंज और भारतभारी के सभागार में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के पहले दिन एसडीएम राजेश कुमार ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। उन्होंने प्रगणकों से गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ जनगणना कार्य में जुटने का आह्वान किया। एएसपी गौरव श्रीवास्तव ने बीआरसी परिसर में चल रहे प्रशिक्षण का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। तहसीलदार और ग्रामीण क्षेत्र के चार्ज अधिकारी रविकुमार यादव ने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इसके आंकड़े देश की नीतियों और योजनाओं की आधारशिला होते हैं। यादव ने प्रगणकों से प्रपत्र भरने में किसी भी तकनीकी त्रुटि से बचने की अपील की। ग्रामीण क्षेत्र में कुल 18 बैचों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाना है, जिसमें से पहले दिन 5 बैचों का प्रशिक्षण पूरा हुआ। इस दौरान जनगणना के कानूनी प्रावधान, क्षेत्र सत्यापन, भवन गणना की सीमाएं और नजरी नक्शा (ले-आउट) तैयार करने की विधि जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने प्रोजेक्टर और एलईडी वॉल के माध्यम से प्रगणकों को बताया कि कार्य शुरू करने से पहले सर्वे किट का मिलान करना आवश्यक है। साथ ही, क्षेत्र में भवनों का अंकन उत्तर-पश्चिम दिशा से क्रमवार करना होगा। प्रशिक्षण में पक्के और कच्चे मकानों, आवासीय एवं गैर-आवासीय भवनों की पहचान के तरीके समझाए गए। इसके अतिरिक्त, मंदिर, मस्जिद, चर्च, गुरुद्वारा, स्कूल, अस्पताल, पंचायत भवन, डाकघर, सड़क, पगडंडी, नदी और नहर जैसे स्थलों के संकेतांक दर्ज करने की विधि भी बताई गई। अधिशासी अधिकारी राजन गुप्ता और सचिन कुमार पटेल ने प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और जनगणना कार्य को शासन की मंशा के अनुरूप सफल बनाएं, ताकि देश के विकास को गति मिल सके। इस अवसर पर एबीएसए अशोक कुमार सिंह, अमित मिश्रा, रविन्द्र शर्मा, अंकित, उदयभान आदि मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments