HomeHealth & Fitnessछत्तीसगढ़ में मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों को अज्ञात वाहन ने...

छत्तीसगढ़ में मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर मौत

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में आज रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।

बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोंगरी स्थित भारतमाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर मॉर्निंग वॉक के लिए निकले तीन लोगों को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह तीनों ग्रामीण रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए भारतमाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर निकले थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी दर्दनाक थी कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान केदार निर्मलकर, दिलहरन वैष्णव तथा ग्राम कोरबी निवासी एक अन्य व्यक्ति के रूप में हुई है। हादसे की खबर फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

घटना की सूचना मिलते ही बलौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद ग्रामीणों ने भारतमाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज गति से वाहनों का संचालन लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments