सिद्धार्थनगर के विकासखंड खेसरहा की ग्राम पंचायत ढोढौरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में बालक-बालिका और दिव्यांग शौचालय का निर्माण कार्य कई दिनों से अधूरा पड़ा है। इससे छात्र-छात्राओं और दिव्यांग बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय परिसर में शौचालय का निर्माण कार्य बीच में ही बंद हो गया है। वहीं, विद्यालय प्रांगण में इंटरलॉकिंग के लिए ईंटें तो बिछा दी गई हैं, लेकिन उन पर सीमेंट का लेपन नहीं किया गया है। इससे ईंटें उखड़ी हुई और असमतल हैं, जिससे बच्चों के गिरकर चोटिल होने का खतरा बना हुआ है। बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो गई है। प्रधानाध्यापक अजय कुमार ने बताया कि विद्यालय में बच्चों की संख्या अधिक है। बालक-बालिका और दिव्यांग शौचालय का निर्माण अधूरा होने से असुविधा हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रांगण में बिछी ईंटों पर सीमेंट का लेपन न होने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई है। ग्राम प्रधान जाबिर अली ने जानकारी दी कि निर्माण कार्य संबंधित कार्यदायी संस्था के माध्यम से कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराने के लिए संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है, ताकि बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। एडीओ पंचायत विकास कुमार ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारणों की जांच कराई जाएगी। संबंधित कार्यदायी संस्था को जल्द से जल्द बालक-बालिका और दिव्यांग शौचालय सहित अन्य अधूरे कार्य पूरे कराने के निर्देश दिए जाएंगे। ग्रामीणों और अभिभावकों ने मांग की है कि विद्यालय में अधूरे पड़े शौचालयों का निर्माण शीघ्र पूरा कराया जाए। साथ ही, विद्यालय परिसर में बिछी ईंटों पर सीमेंट का लेपन कराकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
सिद्धार्थनगर के ढोढौरा प्राथमिक विद्यालय में शौचालय अधूरे:बालक-बालिका व दिव्यांग बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












