लखनऊ । राजधानी के चिनहट थाना क्षेत्र में शनिवार (26 अप्रैल 2026) को एक व्यक्ति द्वारा लाइसेंसी पिस्टल से आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान जफर आजम (उम्र करीब 54 वर्ष) के रूप में हुई है, जो हिम सिटी इलाके के निवासी थे।
पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक चिनहट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों ने घायल अवस्था में जफर आजम को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक मूल रूप से आजमगढ़ जनपद के रहने वाले थे और लंबे समय से अवसाद (डिप्रेशन) से ग्रसित थे। पुलिस को मौके से खून के निशान के साथ लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद हुई है।फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।












