HomeHealth & Fitnessभीरा पुलिस के दो सिपाहियों ने वर्दी की परवाह किए बगैर गंभीर...

भीरा पुलिस के दो सिपाहियों ने वर्दी की परवाह किए बगैर गंभीर रूप से घायलो की जान बचाने का किया प्रयास

पड़रिया-तुला,17 अगस्त(तरुणमित्र)। पुलिस विभाग को लेकर आम जनमानस में समय-समय पर विभिन्न चर्चाएं और आरोप-प्रत्यारोप सामने आते रहते हैं, लेकिन भीरा थाना क्षेत्र में हुई एक सड़क दुर्घटना के दौरान दो पुलिसकर्मियों ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की ऐसी अलग ही मिसाल पेश की, जिसने पुलिस की सकारात्मक और संवेदनशील छवि को उजागर किया।

पड़रिया तुला पुलिस चौकी में तैनात सिपाही नकुल शर्मा और उनके सहयोगी सिपाही अभय सिंह15 अगस्त के अवसर पर आयोजित रैली की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात थे। इसी दौरान मलूकापुर पेट्रोल पंप के सामने एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। हादसे में दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़े थे और अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था।

घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों सिपाहियों ने तत्काल निर्णय लिया कि उस समय रैली की सुरक्षा ड्यूटी से अधिक प्राथमिकता मानव जीवन की रक्षा को दी जानी चाहिए। दोनों ने बिना विलंब किए मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया तथा एंबुलेंस को सूचित किया। इसके पश्चात वर्दी की परवाह किए बिना स्वयं घायलों को एंबुलेंस में बैठाकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल पहुंचने पर दोनों घायलों का त्वरित उपचार प्रारंभ कराया गया और चिकित्सकों को उनकी स्थिति से अवगत कराया गया। इसके उपरांत दोनों सिपाही अपनी निर्धारित 15 अगस्त की ड्यूटी पर पुनः लौट गए।
बताया गया कि यदि दोनों सिपाही घायलों को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाते,तो अत्यधिक रक्तस्राव के कारण घायलों की जान बचाना अत्यंत कठिन हो सकता था। समय पर उपचार मिलने से दोनों की जान बच सकी।हालांकि बाद में इलाज के दौरान एक की मौत की सूचना प्राप्त हुई।

स्थानीय लोगों ने की सराहना

दोनों पुलिसकर्मियों की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की। लोगों का कहना है कि यदि पुलिसकर्मी इसी प्रकार सेवा और समर्पण की भावना से जरूरतमंदों की सहायता करते रहें, तो पुलिस के प्रति समाज में बनी नकारात्मक धारणा में उल्लेखनीय सुधार हो सकता है।

दोनों सिपाहियों ने अपने कर्तव्य के साथ-साथ मानवता को  प्राथमिकता देकर पुलिस विभाग की गरिमा को बढ़ाया है। जिसके लिए क्षेत्र में उनके प्रशंसा हो रही है।चौकी इंचार्ज ने भी दोनों के स्तर के लिए शाबाशी दी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular