श्रावस्ती के मल्हीपुर और इकौना थाना क्षेत्रों में बुधवार को दो अलग-अलग हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। एक युवक का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला, जबकि दूसरा राप्ती नदी में डूब गया। इन घटनाओं से इलाके में सनसनी फैल गई। पहली घटना मल्हीपुर थाना क्षेत्र में सामने आई। यहां ककरदरी जंगल स्थित मरी माता मंदिर से लगभग 500 मीटर दूर एक सागौन के पेड़ से युवक का शव लटका मिला। मृतक की पहचान घूमना बरगदहा निवासी 24 वर्षीय राम प्रसाद उर्फ चवन्नी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि राम प्रसाद 14 मई से लापता था। उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट 18 मई को थाने में दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद से पुलिस और परिवार उसकी तलाश कर रहे थे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिनगा भेज दिया। राम प्रसाद अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके बड़े भाई का नाम धनश्याम और छोटे भाई का नाम लाला (18 वर्ष) है। मृतक अविवाहित था। परिवार खेती-किसानी करता है और उनके पास लगभग 30 बीघा जमीन है। बड़े भाई के अनुसार, राम प्रसाद कुछ हद तक मंदबुद्धि भी था।
दूसरी घटना इकौना थाना क्षेत्र में हुई। दहावर कला में बांध निर्माण कार्य में लगे लखीमपुर खीरी निवासी 24 वर्षीय मजदूर विमल की राप्ती नदी में डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि भीषण गर्मी के चलते वह नदी में नहाने गया था, तभी पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया। स्थानीय लोगों ने उसे नदी से बाहर निकाला और एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिनगा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चूंकि मजदूर बाहरी जिले का था, उसके परिजनों की पूरी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। नदी में डूबने की लगातार सामने आ रही घटनाओं को देखते हुए, प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-तालाबों के गहरे पानी में न जाने की अपील की है।
श्रावस्ती में दो की मौत,एक का शव पेड़ से लटका:दूसरा राप्ती नदी में डूबा; एक 5 दिन से लापता मंदबुद्धि, दूसरा खीरी का था मजदूर
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












