**अत्यधिक सड़ने के कारण शव में पड़ चुके थे कीड़े, शिनाख्त के प्रयास तेज।*
रिपोर्ट:व्यूरो कार्यालय।
गोरखपुर। गुलरिहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मेडिकल कॉलेज के पीछे, सेमरा नंबर-2 पार्वती पुरम स्थित हाइडिल रोड पर मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक लावारिस हालत में अज्ञात शव बरामद हुआ। शव तपस्या पैलेस के मेन गेट के उत्तर दिशा में, गुप्ता जी के टीन शेड के बगल में पड़ा हुआ था।
*अत्यधिक क्षत-विक्षत थी स्थिति।*
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शव काफी पुराना लग रहा था। पूरी बॉडी गल चुकी थी और उसमें कीड़े लग चुके थे, जिसके कारण आसपास के इलाके में भारी दुर्गंध फैल रही थी। राहगीरों की नजर जब इस पर पड़ी, तो तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।
*मौके पर पहुंचे आला अधिकारी।*
सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी सिटी (SP City), गोरखनाथ सीओ (CO), गुलरिहा थाना प्रभारी और मेडिकल कॉलेज चौकी इंचार्ज भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए।
*शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।*
मौके पर बुलाई गई एम्बुलेंस की मदद से पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि शव की स्थिति बेहद खराब होने के कारण तत्काल पहचान नहीं हो सकी है। आस-पास के थानों और गुमशुदगी के रिकॉर्ड्स को खंगाला जा रहा है ताकि शव की शिनाख्त की जा सके। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।












