देश के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून एक बार फिर सक्रिय होने से लगातार बारिश का दौर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर, पूर्व और पहाड़ी राज्यों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवा चलने की भी चेतावनी दी गई है। कई राज्यों में भारी बारिश के कारण स्थानीय प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया है।
बीते 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण फ्लैश फ्लड, सड़क बंद होने और जनजीवन प्रभावित होने की खबरें सामने आई हैं। इसके साथ ही उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी कई स्थानों पर यातायात प्रभावित हुआ है और प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा नहीं करने की अपील की है। इसके अलावा पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के चलते लैंडस्लाइड का खतरा भी बना हुआ है।
यह भी पढ़ें: कोलकाता, प्रयागराज सहित कई शहरों में फैला प्रदर्शन; एक ही मांग प्रधान का इस्तीफा
दिल्ली-NCR का मौसम
दिल्ली और एनसीआर में मंगलवार को बादल छाए रहने के साथ कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। IMD ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश के दौरान तेज हवा चल सकती है, जिससे कुछ जगहों पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
यूपी और बिहार में बारिश
उत्तर प्रदेश और बिहार में अगले 48 घंटों के दौरान कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी है। बिहार के कई हिस्सों में भी भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पहाड़ी राज्यों में बढ़ी मु्श्किलें
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। IMD ने इन राज्यों के कई इलाकों के लिए चेतावनी जारी की है। लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, अचानक बाढ़ और सड़क बाधित होने का खतरा बना हुआ है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की जानकारी लेकर ही निकलने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें: विक्रम-1 की टेस्टिंग से चर्चा में स्काईरूट, दूसरी स्पेस कपनियों का हाल क्या है?
इन राज्यों में भी बारिश
देशभर में आज ज्यादातर राज्यों में बारिश का दौर रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, महाराष्ट्र के कोंकण और मध्य महाराष्ट्र, पूर्वोत्तर राज्यों तथा कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
इन राज्यों में ज्यादा खतरा
IMD के 20 जुलाई के प्रेस नोट के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य महाराष्ट्र, पूर्वोत्तर भारत भारत के कुछ हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का खतरा बना हुआ है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में तो मौसम विभाग ने बारिश का रेड अलर्ट जारी कर दिया है। कई राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की भी चेतावनी जारी की गई है।












