बहराइच जिले के विशेश्वरगंज ब्लॉक अंतर्गत सुल्ताना माफी और बरईपुरवा गांवों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों पर राशन वितरण में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पोषण के लिए भेजा जाने वाला राशन जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच रहा है, जिससे उनमें आक्रोश है। ग्रामीणों के अनुसार, आंगनबाड़ी केंद्रों से मिलने वाला दलिया, दाल और अन्य खाद्य सामग्री पिछले कई महीनों से वितरित नहीं की गई है। सुल्ताना माफी निवासी राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी काव्या जायसवाल के नाम पर मिलने वाला राशन उन्हें नहीं दिया गया। राजेश ने यह भी दावा किया कि उन्होंने एक व्यक्ति को राशन की बोरी ले जाते हुए पकड़ा था। वहीं, ग्रामीण रमेश कुमार ने बताया कि जब लोग राशन की मांग करते हैं, तो आंगनबाड़ी कर्मी यह कहकर टाल देते हैं कि पर्याप्त राशन नहीं आता है। गांव की महिलाओं ज्ञानवती और आरती देवी ने जानकारी दी कि उन्हें लगभग एक वर्ष से राशन नहीं मिला है और हर बार पूछने पर ‘राशन नहीं आया’ कहकर वापस भेज दिया जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि बच्चों और महिलाओं के हक का राशन बाजार में बेचा जा रहा है। लगातार कई महीनों तक राशन न मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए लाभार्थियों को उनका बकाया राशन तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में सीडीपीओ दीपा गुप्ता से बात की गई। उन्होंने बताया कि यह प्रकरण 14 मई को संज्ञान में आया था, जिसके बाद 15 मई, शुक्रवार को क्षेत्रीय सेविका नीलम सिंह द्वारा राशन वितरण कराया गया है। उन्होंने शिकायत की जांच आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं। नीलम सिंह ने बताया कि कुछ अराजक तत्व खाद्यान्न वितरण कार्य में बाधा डालने का प्रयास कर रहे थे। साथ ही, कार्यकत्री ननकना देवी को स्पष्टीकरण भी जारी किया गया है। जांच के उपरांत आगे की कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी।
बहराइच आंगनबाड़ी केंद्रों पर राशन वितरण में अनियमितता का आरोप:ग्रामीणों ने की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












