Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)ओवरलोड बालू ट्रकों के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन:सड़क निर्माण की मांग...

ओवरलोड बालू ट्रकों के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन:सड़क निर्माण की मांग पर अड़े, आरटीओ ने किए चालान


शनिवार को नंदवल क्षेत्र के ग्रामीणों ने भौरी बालू खदान से निकलने वाले ओवरलोड ट्रकों के विरोध में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने ट्रकों का आवागमन रोक दिया, जिससे मार्ग पर घंटों लंबा जाम लग गया और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। ग्रामीण खराब सड़कों के निर्माण और ओवरलोड वाहनों पर तत्काल रोक लगाने की मांग कर रहे थे। सूचना मिलते ही बौंडी थाना प्रभारी त्रिलोकी नाथ मौर्य, कैसरगंज विधायक आनंद यादव, एआरटीओ अवध राज गुप्ता और नायब तहसीलदार विश्वेश्वर शर्मा मौके पर पहुंचे। एआरटीओ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई ओवरलोड बालू ट्रकों का चालान किया। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक क्षतिग्रस्त सड़क का निर्माण नहीं कराया जाएगा, तब तक ओवरलोड ट्रकों को आवागमन की अनुमति नहीं दी जाएगी। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बालू खनन शुरू होने के बाद वजीरगंज से खदान तक की लगभग 15 किलोमीटर लंबी डामर और आरसीसी सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। सड़क पर उड़ने वाली धूल और बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कैसरगंज विधायक आनंद यादव ने कहा कि बालू खनन का टेंडर महसी तहसील में है, लेकिन इसका खामियाजा कैसरगंज क्षेत्र की सड़कों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक क्षेत्र की सड़क संबंधी समस्या का समाधान नहीं होगा, तब तक इन मार्गों से ओवरलोड बालू ट्रकों का संचालन स्वीकार्य नहीं होगा। खनन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तत्काल जांच का आश्वासन दिया। स्थानीय निवासी रामवचन सोनी ने बताया कि सड़क की बदहाली के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। विवेकानंद और आलोक गौड़ ने कहा कि हल्की बारिश में सड़कें तालाब बन जाती हैं, जिससे स्कूल और इंटर कॉलेज जाने वाले छात्रों को भारी परेशानी होती है। आलोक गौड़ ने यह भी बताया कि नंदवल चौराहे के दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है, क्योंकि लोग खराब सड़क के कारण दूसरे रास्तों और बाजारों का रुख कर रहे हैं। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के काफी समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण और ओवरलोड ट्रकों पर रोक नहीं लगाई गई, तो जिला मुख्यालय पर बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। स्थानीय ग्रामीणों और विधायक ने जिलाधिकारी के नाम एक ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular