#बस्ती_न्यूज
बुधवार को हर्रैया विकास खंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय जोगापुर में सहायक अध्यापक ज्ञानदास पर छात्रों की धार्मिक भावनाएं आहत करने और परिसर के पूजनीय वृक्षों को कटवाने के आरोप लगे। इन आरोपों के बाद ग्रामीणों और हिंदू संगठनों ने विद्यालय में जमकर प्रदर्शन किया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिक्षक ज्ञानदास ने छात्रों के हाथों से धार्मिक कलावे जबरन कटवाए और उनके गले से मालाएं उतरवाईं। विवाद तब और बढ़ गया जब विद्यालय परिसर में स्थित वर्षों पुराने धार्मिक महत्व के बेल और बरगद के पेड़ों को काटने का मामला सामने आया। प्रभारी प्रधानाध्यापक ने बताया कि उनकी अनुपस्थिति में और बिना किसी अनुमति के ये पेड़ काटे गए थे। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षक के निलंबन और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की। वहीं, आरोपी शिक्षक ज्ञानदास ने इन आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि कलावे पुराने और गंदे होने के कारण केवल स्वच्छता के उद्देश्य से हटवाए गए थे। हर्रैया के प्रभारी निरीक्षक ने जानकारी दी कि मामला संज्ञान में है। शिक्षक से पूछताछ की जा रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी
#बस्ती न्यूज़ टुडे
विद्यालय में धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप:हर्रैया में शिक्षक हिरासत में, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
RELATED ARTICLES












