श्रावस्ती में मंगलवार की दोपहर राप्ती नदी में नहाने गईं तीन किशोरियों में से दो गहरे पानी में डूब गईं। ग्रामीणों की सूझबूझ से एक किशोरी को सुरक्षित बचा लिया गया। दो दिनों के भीतर दोनों मृत किशोरियों के शव नदी से बरामद कर लिए गए हैं। घटना भिनगा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बसंतापुर गांव के पास का है। जानकारी के अनुसार, सोनवा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत तरवाताल कठौतिया निवासी रिंकी कुछ दिन पहले बसंतापुर गांव में अपनी मौसी के घर आई थी। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे वह गांव की 16 वर्षीय गुंजन और 15 वर्षीय रेशमा के साथ राप्ती नदी में नहाने गई थी। नहाने के दौरान तीनों का संतुलन बिगड़ा और वे गहरे पानी में चली गईं। किशोरियों को डूबता देख उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल नदी में उतरकर रेशमा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, रिंकी और गुंजन पानी की गहराई में समा गईं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन, ग्रामीण और भिनगा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों किशोरियों की तलाश शुरू की गई। मंगलवार देर शाम रिंकी का शव नदी से बरामद कर लिया गया, लेकिन गुंजन का पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया, जिसने दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया। घंटों की मशक्कत के बाद अंततः बुधवार शाम तक गुंजन का शव भी नदी से बरामद कर लिया गया। बताया गया कि गुंजन अपने परिवार में दो बहनों और दो भाइयों में सबसे बड़ी थी। उसके पिता के पैर में करीब दो महीने पहले फ्रैक्चर हो गया था, जिससे वे चलने-फिरने में असमर्थ हैं। ऐसे में गुंजन घर की जिम्मेदारियों में अपनी मां का सहारा थी। परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
राप्ती नदी में डूबीं दो किशोरी,दो दिन में मिला शव:श्रावस्ती के बसंतापुर में नहाते समय हुआ हादसा, लोगों ने एक किशोरी को बचाया
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












