Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)ग्रामीणों ने डॉग शेल्टर होम का किया विरोध:बस्ती में डीएम को सौंपा...

ग्रामीणों ने डॉग शेल्टर होम का किया विरोध:बस्ती में डीएम को सौंपा आपत्ति पत्र, गौशाला के पास निर्माण का मुद्दा

#बस्ती_न्यूज

बस्ती नगर पालिका परिषद द्वारा ग्राम पंचायत कोइलपुरा के गाटा संख्या-86 में प्रस्तावित डॉग शेल्टर होम के निर्माण का स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ा विरोध किया है। ग्राम प्रधान कोइलपुरा सियाराम चौधरी, ग्राम प्रधान चितरगढ़िया रंजीत चौधरी और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मरहा अखिल कुमार यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को आपत्ति पत्र सौंपकर निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्तावित स्थल के पास पहले से ही एक बड़ा गौ संरक्षण केंद्र संचालित है, जहाँ बड़ी संख्या में निराश्रित गोवंश रखे जाते हैं। इसके अतिरिक्त, रवई नदी के किनारे नगर पालिका परिषद का मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) केंद्र भी कार्यरत है। ग्रामीणों का आरोप है कि एमआरएफ केंद्र के कारण स्थानीय लोगों को पहले से ही कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आपत्ति पत्र में ग्रामीणों ने आशंका व्यक्त की है कि यदि शेल्टर होम का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हुआ या सुरक्षा व्यवस्था में कमी रही, तो वहाँ रखे गए कुत्ते बाहर निकलकर गौशाला में संरक्षित गोवंश पर हमला कर सकते हैं। इससे आसपास के किसान और पशुपालक, जो प्रतिदिन अपने पशुओं को चराने तथा रवई नदी तक ले जाने के लिए इस क्षेत्र का उपयोग करते हैं, प्रभावित होंगे। ग्रामीणों ने जन-धन की हानि और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की भी आशंका जताई है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि डॉग शेल्टर होम की स्थापना के संबंध में ग्राम पंचायत या ग्राम सभा से कोई सहमति नहीं ली गई है। उनका कहना है कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को विश्वास में लिए बिना लिया गया यह निर्णय लोकतांत्रिक व्यवस्था और विकेंद्रीकृत स्थानीय स्वशासन की भावना के विपरीत है। ग्रामीणों ने मांग की है कि ग्राम पंचायत की विधिवत सहमति के बिना कोई कार्रवाई न की जाए। यदि डॉग शेल्टर होम की स्थापना आवश्यक हो, तो उसे आबादी, गौशाला और पशुओं के नियमित आवागमन वाले क्षेत्र से पर्याप्त दूरी पर किसी उपयुक्त स्थान पर बनाया जाए। शिकायत पत्र की प्रतियां सीआरओ, एसडीएम सदर और नगर पालिका परिषद के संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई हैं।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular