श्रावस्ती जिले के जमुनाहा ब्लॉक स्थित नासिरगंज महादेव में नालियों की सफाई न होने से गंदा पानी सड़कों पर जमा हो गया है। इससे राहगीरों और स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई दिनों से जमा इस गंदे पानी के कारण जगह-जगह कीचड़ और बदबू फैल गई है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन ने इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस रास्ते से बाजार जाने वाले लोगों और खेतों से आने वाले किसानों को विशेष दिक्कतें हो रही हैं। बुजुर्गों और बच्चों के गिरने का डर बना रहता है, वहीं दुकानदारों का व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है। महादेव निवासी रामलखन वर्मा ने बताया कि उन्हें रोज इसी रास्ते से बाजार जाना पड़ता है और पानी से गुजरने के कारण कपड़े खराब हो जाते हैं। गृहणी सुनीता देवी ने मच्छर और गंदगी से बीमारी फैलने की आशंका जताई, जबकि दुकानदार अरुण कुमार ने ग्राहकों के दुकान पर आने से कतराने की बात कही। किसान प्रदीप यादव ने साइकिल और बाइक के फंसने की समस्या बताई। नागरिकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नालियों की सफाई कराने और जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
नासिरगंज महादेव में नालियों का पानी सड़क पर जमा:श्रावस्ती के जमुनाहा ब्लॉक में आवागमन बाधित, लोग परेशान
RELATED ARTICLES












