HomeHealth & Fitnessपश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम, कई जिलों में तेज आंधी और बारिश...

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम, कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का अनुमान

जयपुर। राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने बुधवार को भी लू और आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के 6 जिलों में लू तथा 4 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की गतिविधियां बढ़ेंगी।

मंगलवार को श्रीगंगानगर लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इसके अलावा चूरू में 44.6, पिलानी में 44.5, फलोदी में 43.8 तथा बीकानेर और जैसलमेर में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया। इन क्षेत्रों में लू का असर सबसे अधिक रहा।

दूसरी ओर हरियाणा और दिल्ली क्षेत्र से सटे राजस्थान के जिलों में दोपहर बाद मौसम ने करवट ली। अलवर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं और भरतपुर के कई इलाकों में बादल छाने के साथ तेज धूलभरी आंधी चली। हनुमानगढ़ और अलवर में कई स्थानों पर बारिश भी हुई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार 11 से 14 जून के दौरान बीकानेर, जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। इस दौरान मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

 

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments