प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के यूरोप दौरे के आखिरी पड़ाव पर 19 और 20 मई को इटली पहुंचे। इस दौरान इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने अपने संबोधन में हिंदी की मशहूर कहावत ‘परिश्रम ही सफलता की कुंजी है’ बोली। उनका यह अंदाज वहां मौजूद लोगों को काफी पसंद आया। खास बात रही कि उस वक्त PM मोदी भी मंच पर मौजूद थे। अब इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने कहा, ‘आपकी यह यात्रा हमारे लिए सम्मान की बात है। इससे हमारे देशों के रिश्तों में एक नया अध्याय शुरू हो रहा है। मुझे पूरा भरोसा है कि यह आखिरी अध्याय नहीं होगा, बल्कि उस लंबी किताब का हिस्सा होगा जिसे हम दोनों मिलकर पूरी मेहनत और लगन के साथ लिख रहे हैं।’
यह भी पढ़ें: नॉर्वे के अखबार ने PM मोदी को सपेरा दिखाया, लोगों ने कहा नस्लवादी, लग गई क्लास
उन्होंने अपने संबोधन में आगे कहा, ‘भारत का एक शब्द है ‘परिश्रम’ इसका मतलब होता है कड़ी मेहनत। मुझे पता है कि भारत में यह शब्द बहुत इस्तेमाल किया जाता है। वहां एक कहावत भी है ‘परिश्रम ही सफलता की कुंजी है।’ यानी मेहनत ही कामयाबी दिलाती है। हम भी अपने रिश्तों को इसी सोच के साथ आगे बढ़ाना चाहते हैं, जहां मेहनत आखिरकार सफलता में बदल जाए।’
भारत-इटली के बीच आर्थिक रिश्ते हुए मजबूत
भारत और इटली के बीच आर्थिक रिश्ते पिछले कुछ सालों में तेजी से मजबूत हुए हैं। इटली में भारतीय दूतावास के मुताबिक, दोनों देशों के बीच व्यापार 2025 में बढ़कर 14.25 अरब यूरो तक पहुंचने का अनुमान है। इसमें भारत का निर्यात 8.55 अरब यूरो रहा, जबकि इटली का भारत को निर्यात 5.70 अरब यूरो दर्ज किया गया, जो 2024 के मुकाबले 9.42 फीसदी ज्यादा है।
यह भी पढ़ें: हेले लेंग ने भारतीय मीडिया की आजादी पर सवाल उठाए, नॉर्डिक देशों का हाल क्या?
दोनों देशों ने 2029 तक सालाना द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब यूरो तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। यूरोपीय संघ में इटली, भारत का चौथा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। वहीं, इटली ने अपनी वैश्विक व्यापार रणनीति में भारत को प्राथमिकता वाले देशों में शामिल किया है।












