Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)गौशाला में नॉनवेज पार्टी मामले में कार्रवाई शून्य:जिला पंचायत राज अधिकारी बोले,...

गौशाला में नॉनवेज पार्टी मामले में कार्रवाई शून्य:जिला पंचायत राज अधिकारी बोले, मुझे घटना की जानकारी नहीं


बलहा विकास खंड की ग्राम पंचायत बंजरिया स्थित गौशाला में 19 जून को हुई नॉनवेज पार्टी के मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वीडियो और ग्रामीणों के बयान सामने आने के बावजूद अधिकारियों की जांच अधूरी है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने इस घटना की जानकारी होने से इनकार किया है। मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद अधिकारियों ने गौशाला का निरीक्षण किया था। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी सफाई कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उसे बचाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि जांच के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। 19 जून की घटना के बाद भी आरोपी सफाई कर्मचारी योग दिवस कार्यक्रम और बुधवार को हुई क्षेत्र पंचायत की बैठक में अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की आवभगत करता देखा गया। इससे स्पष्ट होता है कि उस पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। बंजरिया के ग्रामीण अब तक कोई कार्रवाई न होने से प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। उनका यह भी कहना है कि आरोपी सफाई कर्मचारी कई वर्षों से अपनी पत्नी की जगह रोजगार सेवक की भूमिका निभा रहा है, जिस पर अधिकारियों ने चुप्पी साध रखी है। गौशाला में हुई इस घटना से धार्मिक भावनाएं भी आहत हुई हैं, और प्रशासन की सुस्ती से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। गौशाला जैसी पवित्र जगह पर नॉनवेज पार्टी का वीडियो सामने आने और कई दिन बीत जाने के बाद भी जांच पूरी न होना तथा आरोपी का खुलेआम घूमना प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लगा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे इस मामले के सभी पहलुओं को उजागर कर सकते हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके सीयूजी नंबर पर फोन नहीं उठा। वहीं, जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि उन्हें इस घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments