भाेपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज (मंगलवार काे) होने वाली राज्य कैबिनेट बैठक में मध्य प्रदेश को दलहन उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। बैठक का मुख्य फोकस दलहनी फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देना और किसानों को प्रोत्साहन देना रहेगा।
सरकार दलहन उत्पादक किसानों के लिए बोनस योजना लाने की तैयारी में है। प्रस्तावित योजना के तहत पहले चरण में मसूर और उड़द, जबकि दूसरे चरण में चना और तुअर की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रति क्विंटल बाजार मूल्य से अतिरिक्त बोनस दिया जाएगा। इससे किसानों को दलहन की खेती के प्रति आकर्षित करने और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश में दलहन प्रसंस्करण को मजबूती देने के लिए पांच नई दाल मिलों की स्थापना का प्रस्ताव भी कैबिनेट में रखा जा सकता है। इस कदम से न सिर्फ किसानों को बेहतर बाजार मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि योजनाबद्ध तरीके से उत्पादन, प्रोत्साहन और प्रसंस्करण के जरिए मध्य प्रदेश को दलहन उत्पादन में देश में शीर्ष स्थान पर पहुंचाया जाए।












