श्रावस्ती जनपद के सिरसिया विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत संम्भारपुरवा में ग्रामीण लंबे समय से जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। गांव में धर्मेंद्र चौधरी के घर के सामने नालियां जाम होने के कारण घरों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे रास्ता कीचड़ में तब्दील हो गया है। हल्की बारिश होने पर स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जिससे लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से उनमें कचरा और पॉलिथीन जमा हो गई है। इस कारण नालियां पूरी तरह से जाम पड़ी हैं और पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। नालियों का गंदा पानी सड़क पर लगातार बहने से रास्ते पर हमेशा जलभराव बना रहता है। दोपहिया वाहन चालकों को भी इस रास्ते से गुजरने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, जलभराव और कीचड़ का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। बच्चों को रोजाना गंदे पानी और कीचड़ से होकर स्कूल जाना पड़ता है, जिससे उनके कपड़े और जूते खराब हो जाते हैं। वहीं, बुजुर्गों के फिसलकर चोटिल होने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि रास्ते पर फिसलने से कई लोग घायल भी हो चुके हैं। ग्रामीण प्रशांत पांडे ने जानकारी दी कि लंबे समय से सड़क पर गंदा पानी जमा होने के कारण लोगों को मजबूरी में इसी रास्ते से गुजरना पड़ रहा है। गंदे पानी और कीचड़ के कारण आसपास गंदगी बढ़ रही है, जिससे चर्म रोग और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बना हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक, इस समस्या की जानकारी कई बार ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। बरसात के दिनों में तो हालात और भी बिगड़ जाते हैं। धर्मेंद्र चौधरी, प्रशांत पांडे, अर्जुन वर्मा, लालू वर्मा, जगराम वर्मा और निवास सहित अन्य ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और ग्राम प्रधान से नालियों की सफाई, जल निकासी की उचित व्यवस्था और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
संम्भारपुरवा गांव में जलभराव से ग्रामीण परेशान:धर्मेंद्र चौधरी के घर के सामने रास्ता कीचड़ में तब्दील
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












