श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र स्थित राजा महल में महज 1000 रुपए का बकाया मांगना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। आरोप है कि बकाया रकम मांगने से नाराज भाई और भतीजे ने देर रात सरिया और लाठी से हमला कर दिया। मारपीट में आसाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए भिनगा रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, फतेहपुर बनगई के मजरा राजा महल निवासी आसाराम रविवार शाम करीब चार बजे अपना बकाया 1000 रुपए मांगने के लिए अपने भाई के घर गए थे। उस समय उनका भाई पारस और भतीजा अर्जुन घर पर मौजूद नहीं थे। इसके बाद आसाराम वापस लौट गए। आरोप है कि देर रात पारस और अर्जुन घर लौटे तो बकाया रकम मांगने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों ने आसाराम पर हमला कर दिया। सरिया और लाठी से हमला करने का आरोप पीड़ित के अनुसार, भाई और भतीजे ने सरिया और लाठी से उनकी पिटाई की। हमले में उनके हाथ और सीने में गंभीर चोटें आईं। मारपीट के बाद घायल आसाराम ने मल्हीपुर थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत को संज्ञान में लेकर घायल को चिकित्सकीय जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर भेजा। सीएचसी मल्हीपुर में डॉ. सिद्धेष वर्मा ने आसाराम का प्राथमिक उपचार किया। चोटों की गंभीरता को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भिनगा रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार, घायल की हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने शुरू की जांच पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मारपीट की वजह, घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
1000 के लिए भाई-भतीजे ने अधेड़ को सरिया से पीटा:श्रावस्ती के राजा महल में हुई मारपीट, हाथ और सीने में गंभीर चोट
RELATED ARTICLES












