Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)नहर किनारे करंट से 10वीं के छात्र की मौत:बंद पड़ी हाईटेंशन लाइन...

नहर किनारे करंट से 10वीं के छात्र की मौत:बंद पड़ी हाईटेंशन लाइन बनी हादसे का कारण


चिल्हिया थाना क्षेत्र के सिरवत गांव में बुधवार शाम एक 10वीं कक्षा के छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। छात्र नहर किनारे टहलने गया था, तभी बंद पड़ी हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट में आ गया। मृतक छात्र की पहचान सिरवत गांव निवासी अरुण तिवारी के 16 वर्षीय पुत्र अनुराग तिवारी के रूप में हुई है। अनुराग पैरामाउंट पब्लिक स्कूल, करौंदा में कक्षा 10 का छात्र था। यह घटना बुधवार शाम करीब 7 बजे हुई, जब अनुराग गांव से सटी नहर के किनारे टहल रहा था। नहर के पास 11 हजार वोल्ट की एक हाईटेंशन लाइन का तार जमीन की ओर लटक रहा था, जो वर्षों से बंद पड़ी थी। ग्रामीणों ने बताया कि बंद पड़ी इस लाइन के तारों को अज्ञात चोरों ने कई जगहों से काट दिया था। कुछ तार चोरी नहीं हो सके और वे लटक रहे थे। हवा चलने के कारण यह बंद पड़ा तार पास से गुजर रही चालू 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे उसमें करंट प्रवाहित होने लगा।
अनुराग ने यह मानकर लटकते तार को छू लिया कि वर्षों से बंद पड़ी लाइन में बिजली नहीं होगी। तार छूते ही वह करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हादसे की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। परिजनों ने छात्र का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। गुरुवार को परिवार द्वारा अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही थीं। ग्रामीणों ने बताया कि बंद पड़ी विद्युत लाइनों के तार लंबे समय से जर्जर हालत में लटक रहे हैं, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। उन्होंने विद्युत विभाग से ऐसे खतरनाक और अनुपयोगी तारों को तुरंत हटाने और पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments