श्रावस्ती में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।वहीं जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अधिकारियों और बाढ़ चौकी प्रभारियों के साथ राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बाढ़ से बचाव के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि सभी बाढ़ शरणालयों को व्यवस्थित रखा जाए और वहां चिकित्सा सुविधाएं दुरुस्त रहें, यह सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि शासन से प्राप्त निर्देशों और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बाढ़ से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जनपद में सुरक्षा बल पहुंच चुके हैं। कुल 19 बाढ़ चौकियां और 28 बाढ़ शरणालय चिन्हित किए गए हैं, जहां आवश्यक ड्यूटी लगाई गई है। राहत सामग्री की आपूर्ति के लिए निविदा प्रक्रिया जून माह में पूरी कर ली जाएगी। इसके अतिरिक्त, 19 मेडिकल टीमें और एक जनपद स्तरीय सर्विलांस टीम का भी गठन किया गया है। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि बाढ़ से पहले अधिकारियों, नाविकों और आपदा मित्रों को प्रशिक्षित किया जाएगा। ग्राम स्तर पर राहत चौपालों का आयोजन कर आम नागरिकों को बाढ़ के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और आवश्यक कार्यवाही के बारे में जानकारी दी जाएगी। पूर्व में आई बाढ़ के अनुभवों से सीख लेते हुए नागरिकों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। गौरतलब है कि हाल ही में श्रावस्ती दौरे पर आए कारागार मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान ने भी प्रशासन को संभावित बाढ़ के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि बरसात और बाढ़ से पहले सभी आवश्यक कार्य समय पर पूरे किए जाएं। जनप्रतिनिधि भी बाढ़ को लेकर पूरी तरह अलर्ट हैं और बाढ़ निरोधी कार्य शुरू किए जा चुके हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी तरह तैयार हैं।
श्रावस्ती में 19 बाढ़ चौकियां, 28 शरणालय चिन्हित:बाढ़ पूर्व प्रशासन अलर्ट, डीएम ने आपात स्थिति से निपटने के दिए निर्देश
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












