Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)अस्थाई गोआश्रयों से 209 गोवंश होंगे स्थानांतरित:महरिया वृहद केंद्र भेजने की तैयारी

अस्थाई गोआश्रयों से 209 गोवंश होंगे स्थानांतरित:महरिया वृहद केंद्र भेजने की तैयारी


प्रदेश सरकार के निर्देश पर जनपद में अस्थाई गोआश्रय स्थलों से निराश्रित गोवंश को बड़े एवं सुविधायुक्त वृहद गो संरक्षण केंद्रों में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शासन के आदेश के अनुपालन में नौगढ़ विकास खंड के तीन अस्थाई गोआश्रय स्थलों से कुल 209 गोवंश को महरिया स्थित वृहद गो संरक्षण केंद्र भेजा जाएगा। पशुपालन विभाग के निदेशक प्रशासन एवं विकास की ओर से जारी पत्र के अनुसार, यह निर्णय प्रदेश में संचालित छोटे गोआश्रय स्थलों पर भार कम करने और गोवंशों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लिया गया है। इसके तहत, महादेवा लाला अस्थाई गोआश्रय स्थल से 65, धेसा नानकार से 54 और रामगढ़ से 90 गोवंश स्थानांतरित किए जाएंगे। प्रशासन ने बताया कि गोवंशों का स्थानांतरण एक साथ न होकर चरणबद्ध ढंग से किया जाएगा, जिससे पशुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। स्थानांतरण से पहले संबंधित गोआश्रय स्थलों का जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति द्वारा परीक्षण किया जाएगा। साथ ही, जिन वृहद संरक्षण केंद्रों में गोवंश भेजे जाएंगे, वहां उपलब्ध स्थान, चारा, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं का भी सत्यापन कराया जाएगा। विभागीय समीक्षा में पाया गया कि कई छोटे गोआश्रय स्थलों पर 100 से कम गोवंश संरक्षित हैं, जबकि कई बड़े संरक्षण केंद्रों में पर्याप्त क्षमता खाली है। इसी के मद्देनजर प्रदेश सरकार ने अस्थाई गोआश्रयों से गोवंशों को बड़े केंद्रों में स्थानांतरित करने की कार्ययोजना लागू की है। पत्र के मुताबिक, प्रदेश में वर्तमान समय में 469 वृहद गो संरक्षण केंद्र संचालित हैं। इसके अतिरिक्त, आगामी तीन माह में 50 से अधिक नए वृहद केंद्रों का निर्माण पूरा कर उन्हें संचालन के लिए हस्तांतरित किया जाना प्रस्तावित है। पशुधन प्रसार अधिकारी अरुण कुमार प्रजापति ने बताया कि बीडीओ नौगढ़ की ओर से संबंधित ग्राम पंचायतों महादेवा लाला, धेसा नानकार और रामगढ़ के ग्राम प्रधानों व सचिवों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। शासन ने इस अभियान को 10 मई 2026 तक पूरा कर रिपोर्ट निदेशालय को भेजने के निर्देश दिए हैं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. गणेश प्रसाद ने भी समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments