श्रावस्ती में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। मई 2026 में अब तक 34 वाहनों को सीज करते हुए 9 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है। प्रशासन का दावा है कि सभी मामलों में जुर्माने की वसूली भी कर ली गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 20 मई के निर्देशों के बाद श्रावस्ती प्रशासन अवैध खनन के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग के निर्देशन में राजस्व और खनन विभाग की संयुक्त टीमें जनपद की तीनों तहसीलों भिनगा, जमुनहा और इकौना में अभियान चला रही हैं। अभियान के दौरान अवैध रूप से मिट्टी खनन और परिवहन करते पाए गए कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों को मौके पर पकड़ा गया। कार्रवाई के तहत सभी वाहनों को सीज कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया। प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक, मई 2026 में भिनगा तहसील में 13, जमुनहा में 9, इकौना में 3 तथा अन्य क्षेत्रों में 9 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कुल 34 वाहनों को सीज करते हुए 9 लाख रुपये से अधिक का अर्थदंड लगाया गया, जिसकी शत-प्रतिशत वसूली भी सुनिश्चित की गई है। अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जनपद स्तर पर विशेष टास्क फोर्स गठित की गई है। इस टीम में संबंधित तहसीलों के उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी (पुलिस) को शामिल किया गया है। टास्क फोर्स लगातार निगरानी करते हुए अवैध खनन गतिविधियों पर नजर रख रही है। हाल ही में सोनवा थाना क्षेत्र के चिचड़ी चौराहे के पास जमुनहा-बहराइच मार्ग पर एक डंपर को अवैध रूप से मिट्टी परिवहन करते हुए पकड़ा गया। जांच के दौरान चालक वैध खनन संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद वाहन को सीज कर सोनवा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों और वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप किसी भी स्तर पर अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।












