#बस्ती_न्यूज
बस्ती में पुलिस भर्ती में नौकरी दिलाने का झांसा देकर और बाद में पेपर लीक मामले में फंसाने की धमकी देकर 48 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के महुलानी बुजुर्ग निवासी बजरंगीलाल मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने मदनपुरा निवासी इब्राहीम, सोनू और साहिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित बजरंगीलाल मौर्य के अनुसार, उनकी बेटी करिश्मा मौर्य पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान उनके परिचित इब्राहीम ने करिश्मा का भर्ती में चयन कराने का दावा करते हुए उनसे आठ लाख रुपये ले लिए। जब भर्ती परिणाम में करिश्मा का नाम नहीं आया, तो बजरंगीलाल ने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि इसके बाद इब्राहीम ने एक नया तरीका अपनाया। उसने कथित तौर पर कुछ दस्तावेज दिखाकर दावा किया कि पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में करिश्मा और उनके बेटे किशन का नाम सामने आया है। इब्राहीम ने इन दस्तावेजों को सुप्रीम कोर्ट से जुड़ा बताकर उन्हें जेल और आजीवन कारावास का भय दिखाया। इस धमकी से घबराकर बजरंगीलाल इब्राहीम के साथ दिल्ली गए, जहां एक कार्यालय में मुकदमा खत्म कराने के नाम पर 40 लाख रुपये की मांग की गई। पीड़ित का आरोप है कि परिवार को बचाने की चिंता में उन्होंने अपनी खेत बेचकर कई किश्तों में 20 लाख रुपये दिए। इसके बाद भी कथित तौर पर कुछ लोगों को घर भेजकर दबाव बनाया गया और उनसे आठ लाख रुपये अतिरिक्त वसूल लिए गए। शिकायत के अनुसार, फर्जी संदेशों, कथित दस्तावेजों और धमकियों के जरिए कुल 48 लाख रुपये हड़प लिए गए। बजरंगीलाल मौर्य ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और उनकी पूरी धनराशि वापस दिलाने की मांग की है। कप्तानगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की विवेचना जारी है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
पेपर लीक में फंसाने का भय दिखाकर 48 लाख ऐंठे:पुलिस भर्ती अभ्यर्थी के परिवार से हुई धोखाधड़ी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












