गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एनक्लेव सोसायटी में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आरडब्ल्यूए फेडरेशन गाजियाबाद के चेयरमैन एवं गुलमोहर एनक्लेव निवासी आर.के. गर्ग रहे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि आर.के. गर्ग ने सोसायटी की कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ ध्वजारोहण किया।
आर.के. गर्ग ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि उन वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का दिन है। हमें देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए। आने वाली पीढ़ी को भी राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना से जोड़ना हम सभी का कर्तव्य है।

कार्यक्रम का संचालन कार्यकारिणी सदस्य एडवोकेट राज किशोर शर्मा ने किया। इसके बाद आरडब्ल्यूए की पूर्व अध्यक्ष रश्मि चौधरी के नेतृत्व में पूरे गुलमोहर एनक्लेव में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। बैंड-बाजे के साथ निकली तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ निकली यात्रा ने पूरे सोसायटी परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
रश्मि चौधरी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। गुलमोहर एनक्लेव के निवासियों ने जिस उत्साह और एकजुटता के साथ तिरंगा यात्रा में भाग लिया, वह बेहद गौरव की बात है। हमारा प्रयास है कि बच्चों और युवाओं में देशभक्ति की भावना और मजबूत हो।
इस दौरान बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया और उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
सोसायटी के सचिव ए.के. दोहरे ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हम सभी के लिए गौरव और प्रेरणा का दिन है। हमें स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए देश की प्रगति और समाज की एकता के लिए अपना योगदान देना चाहिए। यह हमारी सोसायटी के लिए गौरव का विषय है कि हमारे ही निवासी आर.के. गर्ग निर्विरोध रूप से पूरी गाजियाबाद की सोसायटियों की फेडरेशन के चेयरमैन चुने गए हैं। यह पूरे गुलमोहर एनक्लेव के लिए सम्मान की बात है।

निवासी गौरव बंसल ने सभी कार्यकारिणी सदस्यों के साथ मुख्य अतिथि आर.के. गर्ग का माल्यार्पण एवं बुके भेंट कर स्वागत किया।इस अवसर पर आरडब्ल्यूए फेडरेशन के चेयरमैन एवं मुख्य अतिथि आर.के. गर्ग, कार्यकारिणी सचिव ए.के. दोहरे, पूर्व अध्यक्ष रश्मि चौधरी, कोषाध्यक्ष किंशुक बंसल, एडवोकेट राज किशोर शर्मा, डॉ. अंशिका चौधरी, अनुजा बंसल, मंजू दोहरे, गौरव बंसल, सीमा गुप्ता, अंकित सहदेव सहित सैकड़ों निवासी उपस्थित रहे।कार्यक्रम में आए सभी निवासियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। पूरे आयोजन के दौरान गुलमोहर एनक्लेव देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।












