उत्तर प्रदेश: चंदौली के सदर कोतवाली क्षेत्र के कटसिला गांव के पास नेशनल हाईवे पर बीती रात 12 बजे तेज रफ्तार कार ने आगे जा रहे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। वाराणसी की ओर से एक कार बिहार की तरफ जा रही थी।
कटसिला गांव के पास अचानक सड़क पर एक जानवर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार चालक ने वाहन को दूसरी ओर मोड़ दिया। इसी दौरान कार अनियंत्रित हो गई और सामने जा रहे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो में सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। हादसे में डाक बंगला वार्ड नंबर-5 निवासी टिंकू पासवान (22) की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं गंभीर रूप से घायल सकलडीहा निवासी तुलसी (27) को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
वहीं हादसे में कैली रोड निवासी निक्कू राय (23) गंभीर रूप से घायल है। उसे उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। परिजन अस्पताल और घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे के बाद कार चालक मौके पर नहीं रुका।
वह कार लेकर घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना की जानकारी लेने के साथ ही फरार कार और चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार किस दिशा में गई और उसकी पहचान किस प्रकार की जा सकती है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरातफरी की स्थिति रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की वजह सड़क पर अचानक जानवर का आ जाना बताई जा रही है। जानवर को बचाने के प्रयास में कार चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार ऑटो से जा टकराई।
हालांकि पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही दुर्घटना के कारणों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। सीओ सदर नामवेंद्र ने बताया कि कटसिला के पास हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हुई है.
जबकि एक घायल युवक का ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद फरार हुए कार चालक की तलाश की जा रही है।












