*सभी व्यवस्थाएं प्रत्येक दशा में दुरूस्त रखने का दिया निर्देश*
*प्रसव कक्ष एवं जच्चा-बच्चा वार्ड में मरीजों को कोई दिक्कत न हो, इसका रखा जाए ध्यान-जिलाधिकारी*
श्रावस्ती, 19 अगस्त, 2026। सू0वि0। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने मंगलवार को देर सायंकाल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गिलौला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सकों द्वारा मरीजों को दी जा रही चिकित्सीय सुविधा की भी जानकारी ली। इस दौरान जिलाधिकारी ने ओ0पी0डी0 मरीज पंजिका, प्रसव कक्ष, एन0बी0एस0यू0 वार्ड आदि का निरीक्षण कर जानकारी ली, और सभी व्यवस्थाओं को प्रत्येक दशा में दुरूस्त रखने का निर्देश दिया। उन्होने जिले के सभी अस्पतालों में तैनात चिकित्सक एवं पैरामेडिकल कर्मियों को निर्देश दिया है कि प्रत्येक मरीज को सरकार द्वारा प्रदत्त सभी स्वास्थ्य सुविधाएं पारदर्शी ढंग से उपलब्ध करायी जाएं और मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार किया जाए। प्रसव कक्ष एवं जच्चा-बच्चा वार्ड में मरीजों को कोई दिक्कत न होने पाए, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भर्ती गर्भवती महिलाओं की पंजिका, चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल कर्मियों की उपस्थिति पंजिका एवं भुगतान से सम्बन्धित पंजिकाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर दो स्टाफ नर्स व एक चिकित्सक उपस्थित पाए गये। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में तैनात चिकित्सक/पैरा मेडिकल कर्मचारियों का दायित्व बनता है कि वे अपने तैनाती स्थल पर रहकर मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान कर उन्हें स्वस्थ्य बनाये। यदि कोई भी चिकित्सक/पैरामेडिकल कर्मी अपने तैनाती स्थल से नदारद पाया गया तो उनके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी इकौना रवेन्द्र कुमार, सीएचसी अधीक्षक डा0 अवनीश कुमार तिवारी सहित सी0एच0सी0 के अन्य चिकित्सकगण एवं पैरामेडिकल कर्मीगण उपस्थित रहे।












