श्रावस्ती जिले की इकौना तहसील के सेमगढ़ा कोरियन पुरवा गांव में वर्षों से सड़क की बदहाली ग्रामीणों के लिए एक गंभीर समस्या बनी हुई है। सड़क पर लगातार कीचड़ और जलभराव के कारण आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है। हल्की बारिश होते ही पूरी सड़क पानी और कीचड़ से भर जाती है। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर पहले खड़ंजा बनाया गया था, लेकिन अब उसकी पहचान मिट चुकी है। सड़क पूरी तरह से उखड़ गई है और जगह-जगह गहरे गड्ढों में पानी भरा रहता है। आए दिन लोग फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे उन्हें चोटें आती हैं। कई बार दोपहिया वाहन भी कीचड़ में फंस जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। उनका कहना है कि यह परेशानी कई वर्षों से बनी हुई है, लेकिन किसी भी जिम्मेदार अधिकारी या जनप्रतिनिधि ने अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क के पुनर्निर्माण की मांग की है, ताकि गांव के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
सेमगढ़ा कोरियन पुरवा में सड़क बदहाल, ग्रामीण परेशान:श्रावस्ती के इकौना तहसील में वर्षों से आवागमन मुश्किल
RELATED ARTICLES











