HomeHealth & Fitnessलंदन में ‘इंडिया डे’ का भव्य आयोजन, 20,000 से अधिक लोगों...

लंदन में ‘इंडिया डे’ का भव्य आयोजन, 20,000 से अधिक लोगों ने लिया भाग

लंदन। भारतीय उच्चायोग, लंदन के द्वारा नवनाथ सेंटर के सहयोग से आयोजित ‘इंडिया डे’ समारोह में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविधता और एकता की शानदार झलक देखने को मिली। इस भव्य आयोजन में 20,000 से अधिक लोगों ने भाग लिया और भारतीय संस्कृति, कला, परंपराओं तथा विभिन्न राज्यों के स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया।

कार्यक्रम मे भारत के विभिन्न राज्यों ने अपने-अपने स्टॉल के माध्यम से अपने प्रदेश की संस्कृति, परंपरा, कला, खान-पान और विशिष्ट पहचान को प्रस्तुत किया। एक ही परिसर में कश्मीर से कन्याकुमारी और गुजरात से पूर्वोत्तर भारत तक की सांस्कृतिक विविधता ने वास्तव में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार किया।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत के उच्चायुक्त महामहिम श्री पेरियासामी कुमारन द्वारा भारतीय तिरंगा फहराने के साथ हुई। इसके बाद हजारों भारतीयों ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाया, जिसने पूरे वातावरण को देशभक्ति और गर्व की भावना से भर दिया।

इस अवसर पर महामहिम उच्चायुक्त ने ब्रिटेन में रह रहे भारतीय समुदायों की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न क्षेत्रों, भाषाओं और संस्कृतियों से जुड़े भारतीय समुदायों का एक मंच पर आकर इस विशाल उत्सव को मनाना भारत की वास्तविक भावना को दर्शाता है।

उत्तर प्रदेश कम्युनिटी एसोसिएशन (यूपीका यूके) ने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक स्वाद और विकास यात्रा को विशेष रूप से प्रस्तुत किया। यूपीका यूके के महासचिव अश्वनी श्रीवास्तव ने उत्तर प्रदेश स्टॉल पर महामहिम उच्चायुक्त का स्वागत किया और उन्हें प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण पहल “वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट” के बारे में जानकारी दी।

यूपीका की टीम के संतोष पांडेय, राजेश विश्वकर्मा, राजीव गुप्ता, अरुण चौबे, पंकज मिश्रा, सुभाष बरनवाल, आशीष मिश्रा और योगेश पांडेय ने स्टॉल पर आए अनेक विशिष्ट अतिथियों, सांसदों तथा समुदाय के सदस्यों का स्वागत किया। उत्तर प्रदेश के पारंपरिक आतिथ्य का परिचय देते हुए टीम ने दिनभर में 2,000 से अधिक अतिथियों को पूरी और हलवा परोसा, जिसे आगंतुकों ने बेहद पसंद किया।

समारोह का एक प्रमुख आकर्षण उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक प्रस्तुति रही। “राम आएंगे” गीत पर प्रस्तुत कथक और लोकनृत्य के अनूठे फ्यूजन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सान्वी श्रीवास्तव, वंशिका गुप्ता, बानी नागपाल, अयान और रिया ने अपनी शानदार और ऊर्जावान प्रस्तुति से उपस्थित दर्शकों की भरपूर तालियां बटोरीं। इस मनमोहक प्रस्तुति का निर्देशन वैशाली नागपाल ने किया।

उत्तर प्रदेश स्टॉल की आकर्षक सजावट और उत्पाद प्रदर्शनी भी लोगों के बीच विशेष चर्चा का विषय रही। निष्ठा द्विवेदी, पियूषिता गुप्ता और मोनिका चौबे ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से जुड़े उत्पादों को बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया।

मधुरेश मिश्रा ने कहा कि इंडिया डे जैसे आयोजन ब्रिटेन में रहने वाली नई पीढ़ी को अपनी भारतीय जड़ों, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ विश्व समुदाय के सामने भारत की सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक एकता को प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular