Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)जमीन विवाद में झगड़े के बाद युवक की संदिग्ध मौत:बस्ती में बेटे...

जमीन विवाद में झगड़े के बाद युवक की संदिग्ध मौत:बस्ती में बेटे ने पट्टीदारों पर गला दबाकर हत्या का लगाया आरोप; पुलिस बोली- बीमारी से बिगड़ी थी तबीयत

#बस्ती_न्यूज

बस्ती के छावनी थाना क्षेत्र के गोड़सरा तिवारी गांव में सोमवार रात भूमि विवाद को लेकर हुए झगड़े के बाद 35 वर्षीय फूलचंद्र यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। मृतक के बेटे ने पट्टीदारों पर मारपीट कर गला दबाने और हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। फूलचंद्र यादव पुत्र वंशराज परिवार से अलग रहते थे। उनके परिवार में पत्नी मीना देवी, 17 वर्षीय बेटा आयुष, 12 वर्षीय प्यूष और 13 वर्षीय बेटी अंशु हैं। मृतक के छोटे बेटे प्यूष ने बताया कि पट्टीदार जमीन पर घूर लगा रहे थे। उनके पिता ने इसका विरोध किया और गाली दी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। प्यूष का आरोप है कि पट्टीदारों ने उनके पिता के साथ मारपीट की और गला दबाने के साथ सीने पर भी वार किया। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से जानकारी जुटाने के साथ ही पुलिस ने मृतक के परिजनों से भी पूछताछ की। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस बोली- पहले से बीमार थे फूलचंद्र सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि फूलचंद्र पहले से बीमार थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि झगड़े के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उनकी मौत हुई। सीओ ने स्पष्ट किया कि अभी हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular