#बस्ती_न्यूज
डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती कुदरहा विकास क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर हृदयराम और सोनू यादव के नेतृत्व में एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई और विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। जयंती के अवसर पर कुदरहा विकास क्षेत्र के इस्माइलपुर से एक विशाल जुलूस निकाला गया। इसमें युवा और ग्रामीण बाबा साहेब के चित्र तथा नीले झंडे हाथों में लिए गगनभेदी नारे लगाते हुए चल रहे थे। यह यात्रा डिहुकपूरा, चकिया अईलिया और कुड़वा होते हुए पिपरपाती स्थित बौद्ध विहार पहुँचकर संपन्न हुई। रास्ते भर ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर जुलूस का स्वागत किया। पिपरपाती मुस्तहकम बौद्ध विहार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में महादेवा विधायक दूधराम, ब्लॉक प्रमुख अनिल दुबे और खंड विकास अधिकारी आलोक कुमार पंकज ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर विधायक दूधराम ने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल संविधान निर्माता नहीं, बल्कि विश्व स्तर के समाज सुधारक थे। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सम्मान से जीने का हक दिया। उनका मूलमंत्र ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ आज भी प्रासंगिक है। ब्लॉक प्रमुख अनिल दुबे ने बाबा साहेब के जीवन को प्रेरणा का स्रोत बताया। उन्होंने कहा कि जातिवाद और भेदभाव के विरुद्ध बाबा साहेब द्वारा जगाई गई अलख का ही परिणाम है कि आज देश का हर नागरिक समानता के अधिकार का उपभोग कर रहा है। खंड विकास अधिकारी आलोक कुमार पंकज ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब ने शिक्षा को सबसे सशक्त हथियार बताया था। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही हम एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। कार्यक्रम में क्षेत्र के रणजीत यादव रिंटू, राजेश यादव, संतोष, रवि, मनीराम बौद्ध, अर्जुन, प्रमोद, सुभाष, अशोक, छोटेलाल, राकेश, वीर बहादुर, अजय सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहेब के पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
डॉ. अंबेडकर की 135वीं जयंती कुदरहा में मनाई गई:भव्य शोभायात्रा और विचार गोष्ठी का आयोजन, नेताओं ने किया नमन
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











