श्रावस्ती जनपद के गिलौला ब्लॉक क्षेत्र स्थित गिलौला बाजार में राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। महीनों से नियमित सफाई न होने के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाजार की मुख्य सड़क किनारे जमा कूड़े से गंदगी और दुर्गंध फैल रही है। स्थानीय निवासियों महेश, सूरज, करन और विनोद ने बताया कि गिलौला बाजार की शुरुआत से लेकर तिलकपुर मोड़ तक सड़क किनारे कई स्थानों पर कूड़ा जमा है। विशेष रूप से खुटेहना मोड़ पर कूड़े का बड़ा ढेर लगा है, जिससे आवागमन में गंभीर समस्या आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कूड़े के ढेर के कारण न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा है, बल्कि बीमारी फैलने का भी खतरा बना हुआ है। यह एक बाजार क्षेत्र है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं, जिससे समस्या और गंभीर हो जाती है। इस संबंध में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कोयले पटवा ने जानकारी दी कि गिलौला बाजार की आबादी लगभग 20 हजार है, लेकिन पूरे क्षेत्र की सफाई के लिए केवल एक ही सफाईकर्मी तैनात है। उन्होंने बताया कि इतने बड़े क्षेत्र में एक कर्मचारी से नियमित सफाई कराना संभव नहीं है और अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती के लिए संबंधित विभाग से मांग की गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गिलौला बाजार में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सफाईकर्मी नियुक्त किए जाएं, ताकि बाजार क्षेत्र को कूड़ा-मुक्त बनाया जा सके और लोगों को गंदगी से राहत मिल सके।
गिलौला बाजार में राष्ट्रीय राजमार्ग पर कूड़े के ढेर:महीनों से सफाई न होने से स्थानीय लोग परेशान
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












