HomeHealth & Fitnessतहसील रामनगर में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस

तहसील रामनगर में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस

  • विभिन्न तहसीलों में आज 61 शिकायतों का हुआ त्वरित निस्तारण
  • राजस्व, विद्युत एवम अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधी शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

रामनगर/बाराबंकी। जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से तहसील रामनगर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी  ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर एसपी अर्पित विजयवर्गीय, उपजिलाधिकारी रामनगर आकांक्षा गुप्ता, जॉइंट मजिस्ट्रेट  विद्यांशु शेखर झा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

समाधान दिवस के दौरान ग्राम देवकहा निवासी  संजय कुमार पुत्र हंसराज ने अवगत कराया कि न्यायालय के आदेश के बावजूद उनकी खतौनी में आदेश की अमलदरामद दर्ज नहीं हो सकी है। जिलाधिकारी ने तत्काल संबंधित रजिस्ट्रार कानूनगो को बुलाकर अभिलेखों की जांच कराई तथा मौके पर ही खतौनी में आवश्यक प्रविष्टि सुनिश्चित कर खतौनी आवेदक को उपलब्ध करवाई।

इसी क्रम में ग्राम गंगापुर निवासी पंकज सिंह ने शिकायत की कि उनकी खतौनी में अंश गलत दर्ज हो गया है। जिलाधिकारी ने प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित राजस्व अधिकारियों को बुलाकर अभिलेखों का परीक्षण कराया तथा मौके पर ही अंश संबंधी त्रुटि का संशोधन कराते हुए सही खतौनी आवेदक को उपलब्ध कराई।

वहीं ग्राम किन्हौली निवासी  राम कुमार पुत्र नन्हई ने अवगत कराया कि उपजिलाधिकारी न्यायालय के आदेश के अनुपालन में प्रारंभिक पैमाइश हो चुकी है तथा न्यायालय द्वारा मेड़बंदी के आदेश भी पारित किया जा चुके हैं, किन्तु अभी तक मौके पर मेड़बंदी नहीं कराई गई है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को एक सफ्ताह में आवश्यक कार्रवाई करते हुए मेड़बंदी कराकर प्रकरण का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, पुलिस, विकास एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर तथ्यों का सत्यापन करें तथा शिकायतों का स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें, जिससे आमजन का शासन-प्रशासन पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।

विभिन्न तहसीलों में आयी शिकायतें और निस्तारण
तहसील नवाबगंज में सीडीओ अन्ना सुदन की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 190 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 20 का मौके पर निस्तारण किया गया।तहसील राम सनेहीघाट में एडीएम की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 88 में से 14 का, तहसील सिरौलीगौसपुर मे 95 प्रार्थना पत्रों में से 04 का, तहसील रामनगर में 143 में से 09 का, तहसील फतेहपुर में 65 में से 10 का तथा तहसील हैदरगढ़ में 95 में से 04 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण सुनिश्चित किया गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments