तुर्की में इजरायली वाणिज्य दूतावास के पास फायरिंग के बाद गोलीबारी का एक और मामला सामने आया है। दक्षिणी तुर्की के एक स्कूल में हुई अंधाधुंध फायरिंग में तीन छात्रों समेत 4 की जान गई और 20 से अधिक लोग घायल हुए। गोलीबारी के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। घायलों को आसपास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह तुर्की में पिछले 15 दिन में फायरिंग का तीसरा मामला है। एक दिन पहले यानी मंगलवार को भी एक छात्र ने स्कूल पर फायरिंग कर दी थी। इसमें 16 लोग घायल हुए थे। बाद में छात्र ने आत्महत्या कर ली थी।
तुर्की मीडिया के मुताबिक यह भीषण हमला कहरामनमारास राज्य के ओनिकीशुबत जिले में स्थित आयसेल कैलिक मिडिल स्कूल में हुआ। वहां के गवर्नर मुकेरेम उनलुएर ने बताया कि गोलीबारी में कुछ लोग घायल हुए और कुछ की जान गई है। घटनास्थल पर भारी पुलिसबल और मेडिकल टीमों को तैनात किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गोलीबारी में एक शिक्षक और 3 बच्चों की जान गई और 20 लोग घायल हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली है।
https://twitter.com/Sol_Yumrukk/status/2044377602329125089
यह भी पढ़ें: ‘ईरान को हथियार नहीं भेजेगा चीन, शी जिनपिंग मुझे गले लगाएंगे’, ट्रंप का नया दावा
दो क्लासरूम में की फायरिंग
शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी छात्र ने दो क्लासरूम में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की। यहां पांचवीं कक्षा के छात्र पढ़ रहे थे। न्याय मंत्री अकिन गुरलेक ने तुरंत कहरामनमारास के मुख्य लोक अभियोजक कार्यालय को मामले की जांच का आदेश दिया। इस बीच तुर्की के राष्ट्रीय शिक्षा मंत्री यूसुफ टेकिन जल्द ही स्कूल का दौरा करेंगे।
अभी तक मकसद का खुलासा नहीं
तुर्की मीडिया के मुताबिक आरोपी के पास कुल पांच बंदूकें थीं। उसने दो कक्षाओं में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान सात मैगजीन का इस्तेमाल किया। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया कि हमले के पीछे का मकसद क्या था?
आठवीं के छात्र ने की वारदात
बताया जा रहा था कि आरोपी नाबालिग था। वह आठवीं कक्षा का छात्र। अपने बैग में 5 बंदूक और सात मैगजीन लाया था। यह बंदूकें उसके पिता की हैं। उसके पिता सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी हैं। सोशल मीडिया पर घटना के कई वीडियो वायरल हैं। स्कूल के आसपास पर लोगों की भीड़ लगी है और अफरा-तफरी का माहौल है। गोलीबारी के बीच कुछ छात्र दूसरी मंजिल की खिड़कियों के कूदते दिखे। वहीं एक सीसीटीवी फुटेज में हमलावर छात्र फायरिंग करते दिख रहा है।
यह भी पढ़ें: होर्मुज पर अमेरिकी नाकेबंदी से किन देशों को सबसे ज्यादा नुकसान होगा?
7 अप्रैल को तुर्की के इस्तांबुल में इजरायली वाणिज्य दूतावास के पास गोलीबारी में तीन लोगों की जान गई थी। दो पुलिसकर्मी घायल हुए थे। वहीं 14 अप्रैल को फायरिंग की दूसरी घटना हुई। सानलिउर्फा प्रांत के एक स्कूल में छात्र ने फायरिंग कर दी। इसमें 16 लोग घायल हुए थे। बाद में छात्र ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी।











