Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)श्रावस्ती DM ने काटा अनुपस्थित शिक्षकों का वेतन:निरीक्षण में मिली लापरवाही, जारी...

श्रावस्ती DM ने काटा अनुपस्थित शिक्षकों का वेतन:निरीक्षण में मिली लापरवाही, जारी किए कारण बताओ नोटिस


श्रावस्ती में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय ने विकासखंड हरिहरपुररानी के प्राथमिक विद्यालय पूरे खैरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षकों की उपस्थिति, छात्रों की संख्या, साफ-सफाई और मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण में पाया गया कि विद्यालय में तैनात तीन सहायक अध्यापक उपस्थित थे, जबकि सहायक अध्यापक श्रीमती रचना और शिक्षामित्र राम कुमार मिश्र बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए दोनों का एक दिन का वेतन काटने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका का भी अवलोकन किया, जिसमें कक्षा 1 से 5 तक के छात्रों की उपस्थिति कम पाई गई। उन्होंने प्रधानाध्यापक को निर्देश दिया कि पंजीकृत छात्र-छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। डीएम ने अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करने को कहा, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। निरीक्षण के समय विद्यालय में लगा स्मार्ट टीवी खराब मिला और साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी। जिलाधिकारी ने संबंधित के विरुद्ध स्पष्टीकरण जारी करने, स्मार्ट टीवी को तत्काल ठीक कराने और विद्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में औचक निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद जिलाधिकारी ने रसोईघर का निरीक्षण कर मध्यान्ह भोजन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों को उनकी उपस्थिति के अनुसार निर्धारित मेनू के मुताबिक गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी ने बच्चों से संवाद कर शिक्षा की गुणवत्ता भी परखी। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों को सख्त निर्देश दिए कि शिक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने कहा कि शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करें।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments