उरुवा बाजार से सुनील सिंह गहलोत की रिपोर्ट ।प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा में किशोरियों के स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई। यहां एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन अभियान का विधिवत शुभारंभ प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जेपी तिवारी की मौजूदगी में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाकर की गई। इस अवसर पर केंद्र परिसर में उत्साह और जागरूकता का माहौल देखने को मिला, जहां स्वास्थ्यकर्मियों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
डॉ. जेपी तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि एचपीवी वैक्सीन किशोरियों को भविष्य में होने वाली बच्चेदानी से जुड़ी गंभीर समस्याओं, विशेषकर सर्वाइकल कैंसर से बचाने में अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने कहा कि यह टीका बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक मजबूत कवच साबित हो सकता है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष की बच्चियों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा पर प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को अवश्य लाएं, ताकि समय रहते उन्हें यह महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच मिल सके।
डॉ. तिवारी ने यह भी स्पष्ट किया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इससे किसी प्रकार का दुष्प्रभाव नहीं होता। उन्होंने कहा कि “बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता और समय पर टीकाकरण है।”
स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान क्षेत्र में किशोरियों के प्रति स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और गंभीर बीमारियों की रोकथाम की दिशा में एक सराहनीय एवं दूरदर्शी कदम माना जा रहा है।












