बहराइच। शिवपुर ब्लॉक क्षेत्र में वैसाखी अमावस्या के अवसर पर शुक्रवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शिवनगर बस्थनवा स्थित बाबा जंगली नाथ मंदिर और रामपुर धोबियाहार स्थित बाबा बुद्धेश्वर नाथ मंदिर में सुबह 4 बजे से ही भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो दोपहर तक जारी रहीं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की। इस दौरान “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचे, जिससे मंदिर और आसपास का क्षेत्र गुलजार रहा। वैसाखी अमावस्या के अवसर पर दोनों मंदिरों के पास विशाल मेले का भी आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के साथ मेले का भी आनंद लिया। बच्चों और महिलाओं में मेले को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिसकर्मी मंदिर परिसर और मेले के आसपास लगातार गश्त करते रहे, जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार, इन प्राचीन शिव मंदिरों की विशेष धार्मिक मान्यता है। ऐसी मान्यता है कि यहां सच्चे मन से पूजा करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी कारण हर वर्ष वैसाखी अमावस्या पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
वैसाखी अमावस्या पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़:बहराइच में शिव का जलाभिषेक, कड़े सुरक्षा इंतजाम
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












