रूधौली, बस्ती। उत्तर प्रदेश ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, तहसील इकाई रूधौली की मासिक बैठक गुरुवार को दोपहर 1:30 बजे रूधौली तहसील परिसर में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य मुद्दा संगठन के पत्रकार मोहम्मद असलम सादा के साथ गैस एजेंसी वितरक कर्मचारियों द्वारा की गई अभद्रता के मामले में न्याय दिलाने हेतु सक्षम अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग करना रहा।
बैठक में तहसील संगठन के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य पत्रकारों ने पत्रकार असलम सादा के साथ हुई अभद्रता के संबंध में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) रूधौली को लिखित शिकायती पत्र सौंपा। पत्र के माध्यम से गैस एजेंसी वितरक कर्मचारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि यदि मामले में न्यायपूर्ण कार्रवाई नहीं हुई, तो तहसील संगठन को आगे अन्य कदम उठाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
बताया गया कि मोहम्मद असलम सादा सहारा उर्दू के जिला प्रतिनिधि होने के साथ-साथ ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन रूधौली इकाई के पदाधिकारी भी हैं। गुरुवार को वह रूधौली क्षेत्र के अंतर्गत हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपी) गैस की पूनम गैस एजेंसी के गोदाम सेंटर कर्मा में अपना गैस सिलेंडर लेने गए थे।
जानकारी के अनुसार, उन्होंने एक सप्ताह पूर्व गैस की बुकिंग कराई थी और उन्हें गुरुवार को ही सिलेंडर प्राप्त करने के लिए बुलाया गया था। आरोप है कि जब वह गोदाम पर पहुंचे और अपने सिलेंडर के बारे में जानकारी ली, तो वहां मौजूद कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और हाथ पकड़कर गोदाम सेंटर से बाहर कर दिया। यह घटना तब हुई जब एजेंसी कर्मचारियों को यह जानकारी थी कि वह पत्रकार हैं।
शिकायत पत्र सौंपे जाने के बाद संगठन के अध्यक्ष अरुण कुमार मिश्र एवं संरक्षक डॉ. एस.के. सिंह ने एसडीएम रूधौली को बताया कि मोहम्मद असलम सादा एक दशक से अधिक समय से वरिष्ठ पत्रकार के रूप में पत्रकारिता कर रहे हैं। उनके व्यवहार और व्यक्तित्व पर कभी कोई प्रश्नचिह्न नहीं लगा। ऐसे में उनके साथ हुई यह घटना अत्यंत दुःखद और निंदनीय है। उन्होंने दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
इस पर एसडीएम रूधौली ने पत्रकारों को आश्वस्त किया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित की जाएगी। साथ ही गैस एजेंसी के विरुद्ध उपभोक्ताओं से मिल रही शिकायतों की भी जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में परशुराम वर्मा, मोहित गुप्ता, राजन चौधरी, शंकर यादव, रमेश चन्द्र, नीरज कुमार चौधरी, श्रवण कुमार पाण्डेय एवं राज आर्या सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।












