सिद्धार्थनगर के इटवा तहसील क्षेत्र के बडहरा खास गांव में शनिवार दोपहर बाद अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। इस घटना में सात फूस के घर जलकर राख हो गए। आग सबसे पहले सहजराम निषाद के फूस के घर में लगी। पछुआ हवा के तेज झोंकों के कारण आग ने तुरंत विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते आस-पड़ोस के छह अन्य फूस के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग से राधेश्याम, घनश्याम, रिंकू, बबलू, बब्बू और सूरज के घर भी जल गए। इस अग्निकांड में सातों घरों में रखे कपड़े, अनाज, बर्तन, जेवर, गैस सिलेंडर, मोबाइल फोन और नकदी सहित लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। अनुमानित तौर पर करीब सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पीड़ित परिवार अब खुले आसमान के नीचे आ गए हैं। मामले में नायब तहसीलदार राघवेंद्र पांडे ने बताया कि आगजनी से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए हल्का लेखपाल दीनानाथ चौरसिया को लगाया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
बडहरा खास गांव में सात घर जले:अज्ञात कारणों से फूस के घरों में लगी भीषण आग, लाखों के नुकसान
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












