Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)सिद्धार्थनगर में राजगुरु-सुखदेव सभागार का शिलान्यास:विधायक निधि से ₹24.50 लाख में बनेगा,...

सिद्धार्थनगर में राजगुरु-सुखदेव सभागार का शिलान्यास:विधायक निधि से ₹24.50 लाख में बनेगा, अधिवक्ताओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं


सिद्धार्थनगर के दीवानी न्यायालय परिसर में सोमवार को आधुनिक ‘राजगुरु-सुखदेव सभागार’ का शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मोत्सव के अवसर पर हुए इस कार्यक्रम में सिविल सिद्धार्थ बार एसोसिएशन के लिए बनने वाले इस सभागार का निर्माण विधायक निधि से होगा। करीब 24.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले इस सभागार की आधारशिला कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही ने रखी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता, न्यायिक क्षेत्र से जुड़े लोग और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह एडवोकेट ने की, जबकि संचालन महामंत्री कृपाशंकर त्रिपाठी एडवोकेट ने किया। अपने संबोधन में विधायक श्यामधनी राही ने न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने में अधिवक्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। विधायक राही ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता है कि अधिवक्ताओं को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सभागार अधिवक्ताओं को बैठकों, संगोष्ठियों, विधिक चर्चाओं और अन्य महत्वपूर्ण आयोजनों के लिए एक सुसज्जित मंच प्रदान करेगा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि अधिवक्ता समुदाय लंबे समय से एक आधुनिक सभागार की मांग कर रहा था। विधायक निधि से इसके निर्माण की स्वीकृति मिलने से अधिवक्ताओं की वर्षों पुरानी आवश्यकता पूरी हो रही है। उन्होंने इसके लिए विधायक श्यामधनी राही का आभार व्यक्त किया। महामंत्री कृपाशंकर त्रिपाठी ने इस सभागार को बार एसोसिएशन के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इससे अधिवक्ताओं को बैठकों और सामाजिक-वैधानिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी, साथ ही न्यायिक गतिविधियों को भी नया आयाम प्राप्त होगा। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता गंगाराम पांडेय, वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, शत्रुघ्न प्रसाद चौधरी, शेखर सिंह, रमेश कुमार पांडेय, सत्य प्रकाश श्रीवास्तव और श्रीमती अनुपमा सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने सभागार निर्माण को अधिवक्ता हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर पवन चंद्र शुक्ला, भार्गव नरेंद्र कुमार, रिंकू श्रीवास्तव, भूपेंद्र सिंह बघेल, राघवेंद्र सिंह, राकेश सिंह, प्रमोद दुबे, प्रियंका सिंह, प्रमोद सिंह, अरविंद शुक्ला, पशुपतिनाथ दुबे, प्रभाकर मिश्रा, गिरिजेश पांडेय, देवानंद श्रीवास्तव, दिवाकर दुबे, रियाज अहमद, त्रिपाठी सहोदर बंधु, मणिकांत मिश्रा, गिरजेश बहादुर सिंह, अनिल विश्वकर्मा, जयनेन्द्र मिश्रा, दीपक शाही सहित कई अधिवक्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments