Homeदेश (National)गर्मियों में यात्री परेशान, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का ये हाल

गर्मियों में यात्री परेशान, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का ये हाल

देश की राजधानी के नई दिल्ली रेलवे स्टेशन में एंट्री के लिए यात्रियों की लंबी कतारे लग रही हैं। सिर्फ स्टेशन में घुसने मात्र के लिए भीषण गर्मी में करीब 500 लोग चिलचिलाती धूप में इंतजार करते दिखे। जिसकी वजह से इस भीषण गर्मी में कोई भी और कभी भी बेहोश हो सकता है। इन लाइनों में लगने वाले बच्चे-बूढे और जवान सभी हैं। ‘खबरगांव’ ने जब शुक्रवार को इन लंबी लाइनों का कारण जानना चाहा तो मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि सुरक्षा कारणों से कुछ गेट बंद किए गए हैं। इस संदर्भ में रेलवे के अधिकारियों के पास ना तो कोई वैकल्पिक व्यवस्था है और ना ही कोई जवाब।

स्टेशन पर बदहाली का आलम ये है कि कोई भी इस बात की जानकारी देने के लिए तैयार नहीं है कि ये गेट क्यों बंद हैं?

नई दिल्ली स्टेशन से रोजाना लाखों की तादाद में लोग अपने सपनों को साकार करने के लिए आते-जाते हैं। दिल्ली आने-जाने के लिए सबसे प्रमुख जगह यही है। यह भारत के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में से एक है। लोग देश के कोने-कोने में यहां से आते और जाते हैं। ऐसे में स्टेशन के 16 प्लेटफॉर्मों से ट्रेन पकड़ने के लिए लोग प्लेटफॉर्म नंबर एक (पहाड़गंज) और प्लेटफॉर्म नंबर 16 (अजमेरी गेट) की तरफ से एंट्री और एग्जिट लेते हैं।

यात्रियों की लंबी-लंबी कतारें

इन दिनों नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पीक आवर्स में ट्रेन पकड़ने के लिए यात्रियों की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। इन कतारों की वजह से यात्रियों का स्टेशन में घुसना किसी जंग को जीतने के बराबर हो गया है। हालिया सुरक्षा चिंताओं के कारण कई प्रवेश और निकास द्वार अस्थायी रूप से बंद हैं। अजमेरी गेट की तरफ से स्टेशन में घुसने के लिए दो लंबी लाइनें लग रही हैं। हालांकि, पहले सामान्य दिनों में यह लाइनें न के बराबर रहती थीं, लेकिन अब लोगों को इन लाइनों में लगकर 10 से 20 मिनट का समय बेवजह गंवाना पड़ रहा है।

परेशानी का सामना कर रहे यात्री

इन लाइनों की वजह से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोग भारी सामान और अपने परिवार के साथ में स्टेशन के सीमित खुले हुए एंट्री प्वाइंट्स से अंदर जाने के लिए मजबूर हैं। लोग स्टेशन प्रशासन के इन नए नियम का पालन भी कर रहे हैं, लेकिन उन्हें यह डर भी सता रहा है कि कहीं इस लाइन की वजह से उनकी ट्रेन ना छूट जाए।

लोगों ने बताई ‘खबरगांव’ का पीड़ा

‘खबरगांव’ नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की इस नई व्यवस्था को जानने के लिए ग्राउंड पर पहुंचा तो लोगों की समस्या सामने आई। कई लोग चेक प्वाइंट पर जरूरी जांच करवाने के फौरन बाद ट्रेन पकड़ने के लिए अपने भारी-भरकम बैग और अटैची के साथ में भागते हुए दिखाई दिए। गेट नंबर 16 के एस्केलेटर से ऊपर प्लेटफॉर्म पर भागते हुए यात्री दीपक सिंह ने बताया कि उन्हें यह लाइन पार करने में 10 से 15 मिनट का समय लगा। उन्होंने कहा कि लाइन की वजह से उनकी ट्रेन छूट सकती थी। उन्होंने यह भी बताया कि अजमेरी गेट पर मौजूद ज्यादातर गेट बंद हैं।

इसी तरह से एक दूसरे यात्री विक्की अपनी मां को ट्रेन पकड़वाने के लिए स्टेशन आए थे। वह अपनी मां के साथ में 15 मिनट तक कतार में लगे रहे। बात करने के बाद उन्होंने भी कहा कि पहले सामान्य दिनों में इस तरह की लाइन नहीं लगती थी, लेकिन आज लाइन की वजह से उनकी ट्रेन छूट सकती थी। बंगाल जाने वाले एक और यात्री ने भी ट्रेन छूटने की समस्या दोहराई।

नहीं मिला कोई जवाब

दरअसल, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर देखने को मिला कि अजमेरी गेट की तरफ के प्लेटफॉर्म 16 का एक गेट और 16 का ही वीआईपी गेट खुला हुआ मिला। इसी तरह से गेट नंबर 8 का एस्केलेटर खुला है। गेट नंबर 3 बंद पड़ा मिला। यात्रियों को हो रही इस असुविधा को लेकर जब हमने दिल्ली स्टेशन के डायरेक्टर लक्ष्मीकांत बंसल से बात की तो उन्होंने बताया कि आप CPRO से बात करिए, वही बेहतर बता पाएंगे। इस संदर्भ में जब CPRO को कॉल और मैजेस किया गया तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।

देश के व्यस्त स्टेशनों में से एक

आधिकारिक तौर पर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से हर दिन लगभग 5 लाख यात्री यात्रा करते हैं। त्यौहारी सीजन में यह संख्या बढ़कर 7-8 लाख तक पहुंच जाती है। यह स्टेशन 24 घंटे व्यस्त रहता है, जहां से रोजाना 300 भी अधिक ट्रेनों का संचालन होता है। भारत के सबसे बड़े ट्रांजिट हब में से एक होने के कारण यहां से लंबी दूरी की ट्रेनें- राजधानी/शताब्दी जैसी प्रीमियम ट्रेनें, लोकल और अनारक्षित यात्री सब एक साथ आते-जाते हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments