HomeHealth & Fitnessमीडिया हाउस का भव्य उद्घाटन, पत्रकारों में उत्साह

मीडिया हाउस का भव्य उद्घाटन, पत्रकारों में उत्साह

बड़हलगंज।रविवार को बाईपास रोड स्थित बड़हलगंज मीडिया हाउस का विधिवत उद्घाटन पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रभान तिवारी द्वारा नारियल फोड़कर एवं फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम का महत्व और भी बढ़ गया।
 
उद्घाटन के बाद आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रभान तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और बड़हलगंज मीडिया हाउस क्षेत्र के आम लोगों, विशेषकर पीड़ित एवं वंचित वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि यह मंच केवल समाचार प्रसारण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यहां लोग अपनी समस्याओं को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी कर सकेंगे, जिससे उनकी बात प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगी।
 
उन्होंने आगे कहा कि निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने का कार्य करती है, और इस मीडिया हाउस के माध्यम से पत्रकारों को एक सशक्त मंच मिलेगा। उन्होंने सभी पत्रकारों को इस पहल के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
 
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार ज्ञानू मिश्रा, बाबूलाल सक्सेना, चंद्रभान यादव, सुरेश राजभर, सूरजदीप तिवारी, हरीश चंद सोनी, गोपाल तिवारी, राजीव जायसवाल, विनय गुप्ता, सरफराज, एच डी शर्मा, वेद प्रकाश यादव, श्रेयश पाण्डेय एवं बिपिन कुमार पाण्डेय सहित कई अन्य पत्रकार साथी उपस्थित रहे।
 
कार्यक्रम का समापन आपसी संवाद और मीडिया की भूमिका पर चर्चा के साथ हुआ, जिसमें सभी ने इस पहल को क्षेत्रीय पत्रकारिता के लिए एक सकारात्मक कदम बताया।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments