लखनऊ। बिजनौर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। पीजीआई के वृंदावन सेक्टर-7 सी निवासी शुभम कसौधन ने बिजनौर के औरंगाबाद जागीर निवासी राजकमल मिश्रा, अनुज पाल और शुभमान अंसारी नामक युवकों के खिलाफ बिजनौर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शुभम कसौधन ने पुलिस उपायुक्त दक्षिणी से शिकायत में बताया कि उन्होंने 16 सितंबर 2025 को राजकमल मिश्रा को आईफोन 17 प्रो खरीदने के लिए अपने खाते से एक लाख रुपये ट्रांसफर किए थे। आरोपी ने शुभम को जल्द मोबाइल देने का आश्वासन दिया था।
हालांकि, कई दिनों तक इंतजार कराने के बाद भी फोन उपलब्ध नहीं कराया गया। पीड़ित ने जब अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने डीलर को रकम ट्रांसफर होने का हवाला देते हुए जल्द लौटाने का भरोसा दिया। इसके बावजूद, लगभग तीन महीने बीत जाने पर भी न तो मोबाइल मिला और न ही रकम वापस की गई।
शुभम का आरोप है कि इस धोखाधड़ी में राजकमल के साथ अनुज पाल और शुभमान अंसारी भी शामिल हैं। उन्होंने इस दौरान कई बार आरोपी के घर जाकर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन हर बार टालमटोल किया जाता रहा। फिलहाल, डीसीपी दक्षिणी के निर्देश पर बिजनौर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।












